Wednesday, February 11, 2026

            कोरबा: शासन की फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन में धीमी कार्यप्रगति कतई स्वीकार्य नहीं – आयुक्त

            आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी व फ्लैगशिप योजनाओं की कार्यप्रगति सहित निगम के विविध कार्यो की बिन्दुवार समीक्षा की

            योजनाओं से जुड़े कार्यो में अपेक्षित प्रगति पर रहा विशेष फोकस

            निगम कार्यो की बेहतरी हेतु अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

            कोरबा (BCC NEWS 24): आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने निगम के अधिकारियों को कडे़ निर्देश देते हुए स्पष्ट रूप से कहा है कि शासन की जनकल्याणकारी व फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन में धीमी कार्यप्रगति कतई स्वीकार्य नहीं की जाएगी, शासन ने जिन उद्देश्यों को लेकर इन योजनाओं का क्रियान्वयन किया है, उन उद्देश्यों को प्राप्त करना, योजनाओं का पूर्ण लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना, हमारा प्रथम दायित्व है, अतः योजनाओं से जुड़े कार्यो की कार्यप्रगति में तेजी लाएं, उनका सफल क्रियान्वयन कराएं एवं अपेक्षित परिणाम प्राप्त करने हेतु पूरी गंभीरता व सजगता से कार्य करें। उन्होने कहा कि जनसमस्याओं से जुड़े प्रकरणों, जनशिकायतों, टी.एल.प्रकरणों, जनदर्शन आदि के प्रकरणों का निराकरण समयसीमा में हो, यह सुनिश्चित करें, साथ ही साथ निगम के विकास व निर्माण कार्यो में अपेक्षित गति लाएं, शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, सड़क रोशनी व्यवस्था से आदि से जुड़े कार्यो पर लगातार फोकस रखें।

            आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने आज निगम के सभागार में जोन कमिश्नरों, प्रभारी अधिकारियों के साथ-साथ मैदानी अधिकारी कर्मचारियों की बैठक लेकर शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की कार्यप्रगति सहित निगम के विभिन्न कार्यो, नागरिक सेवाओं व सुविधाओं से जुडे कार्यो, विकास व निर्माण कार्यो, स्वच्छता व साफ-सफाई, जनसमस्याओं  व शिकायतों के निराकरण सहित अन्य विविध कार्यो की कार्यप्रगति की बिन्दुवार व जोनवार विस्तार से समीक्षा की।  आयुक्त श्री पाण्डेय ने प्रधानमंत्री आवास योजना के ए.एच.पी. घटक अंतर्गत निर्मित आवासगृहों एवं उनमें हितग्राहियों के व्यवस्थापन की कार्यप्रगति की समीक्षा करते हुए व्यवस्थापन हेतु टीम गठित करने एवं निर्धारित समयसीमा में व्यवस्थापन का कार्य पूर्ण कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए, उन्होने इसी घटक के अंतर्गत दादरखुर्द में निर्मित  व निर्माणाधीन 2784 आवासगृहों के आबंटन, व्यवस्थापन आदि की भी समीक्षा की तथा जिन आवासगृहों में अंतिम चरण का कार्य शेष है, उन कार्यो को पूरा करने, उपलब्ध कराई जाने वाली विविध नागरिक सुविधाओं पर कार्य करने, ऐप्रोच रोड का संधारण करने सहित व्यवस्थाओं से जुडे अन्य दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए। आयुक्त श्री पाण्डेय ने पी.एम.ए.वाई.योजना के बी.एल.सी. घटक अंतर्गत स्वीकृत आवासगृहों, प्रारंभ व अप्रारंभ आवासगृहों की भी समीक्षा की तथा जिन हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा व स्वीकृति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं, उनके आवासगृहों का निर्माण प्रारंभ करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए तथा इसकी प्रतिदिन की कार्यप्रगति पर लगातार फोकस रखने को कहा। आयुक्त श्री पाण्डेय ने अन्य विभिन्न शासकीय योजनाओं के कार्यो की भी समीक्षा की तथा कार्यप्रगति में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए।

            स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों पर करें कार्य – बैठक के दौरान आयुक्त श्री पाण्डेय ने भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत मिशन के विभिन्न घटकों की विस्तार से समीक्षा की तथा योजनांतर्गत आकांक्षी शौचालयों के निर्माण की कार्यप्रगति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि निगम क्षेत्र में स्थित समस्त सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों का त्रुटिरहित संचालन, आवश्यकतानुसार मरम्मत व संधारण के साथ शौचालयों में निर्धारित मानदण्डों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं, निगम के सभी एस.एल.आर.एम.सेंटरों की व्यवस्थाएं दुरूस्त रहें, अपशिष्ट का प्रबंधन निर्धारित मानदण्डों के अनुरूप हों, डोर-टू-डोर अपशिष्ट संग्रहण में और अधिक कसावट लायी जाए, कचरे का स्त्रोत पृथकीकरण अनिवार्य रूप से हों, यह सुनिश्चित कराएं। आयुक्त श्री पाण्डेय ने अधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि निकट भविष्य में जल्द ही स्वच्छ सर्वेक्षण का आगाज होने जा रहा है, अतः सर्वेक्षण के मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं में क्या कमियॉं हैं, उन्हें चिन्हित कर कमियों को दूर करें तथा मानकों के अनुरूप स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियॉं की जाए, यह अंतिम रूप से  सुनिश्चित कराएं।

            टी.एल.प्रकरणों का समयसीमा में निराकरण – आयुक्त श्री पाण्डेय ने बैठक के दौरान कलेक्टर टी.एल., जनदर्शन, निदान 1100, शासन से प्राप्त पत्रों, जनसमस्याओं व शिकायतों से जुडे प्रकरणों सहित अन्य प्रकरणों की समीक्षा करते हुए प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

            किराया निगम में जमा न करने पर 05 दुकानें सील – आयुक्त श्री पाण्डेय ने बैठक के दौरान राजस्व वसूली कार्यो की कार्यप्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की, इस दौरान निगम के संपदा अधिकारी ने बताया कि दुकान किराया जमा न करने पर निगम द्वारा आज बुधवारी बाजार व रविशंकर नगर में 05 दुकानों को सील कर दिया गया है। आयुक्त श्री पाण्डेय ने राजस्व विभाग से जुडे अधिकारियों, जोन कमिश्नरों को कडे निर्देश देते हुए कहा कि जिनके द्वारा बकाया राशि जमा नहीं की जा रही, उनकी दुकानों, प्रतिष्ठानों को सील करने की नियमानुसार कार्यवाही निरंतर जारी रखें, उन्होने राजस्व वसूली की कार्यप्रगति की जोनवार समीक्षा करते हुए राजस्व वसूली में तेजी लाने, बकायादारों के विरूद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने तथा राजस्व वसूली के लक्ष्य को समयसीमा में प्राप्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

            विकास कार्यो में तेजी लाएं – आयुक्त श्री पाण्डेय ने निगम के विकास व निर्माण कार्यो की कार्यप्रगति की समीक्षा  की, उन्होने जिला खनिज न्यास मद, अधोसंरचना, निगम मद, वित्त आयोग मद, प्रभारी मंत्री मद, विधायक मद, सांसद मद, महापौर मद, पार्षद मद सहित विविध मदों के अंतर्गत स्वीकृत, प्रस्तावित व प्रगतिरत कार्यो की कार्यप्रगति की विस्तार से जोनवार समीक्षा की तथा कार्यो में तेजी लाने, निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता पर नजर रखने तथा समयसीमा में कार्यो को पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

            बैठक के दौरान अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियतां सुरेश बरूआ, उपायुक्त बी.पी.त्रिवेदी, लेखाधिकारी भवकांत नायक, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, प्रकाश चन्द्रा, एन.के.नाथ, अखिलेश शुक्ला, लीलाधर पटेल, सुनील टांडे, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, तपन तिवारी, संपदा अधिकारी अनिरूद्ध सिंह, सहायक अभियंता पीयूष राजपूत, राहुल मिश्रा, आकाश अग्रवाल, यशवंत जोगी, मोतीलाल बरेठ, सुशील सोनी, विपिन मिश्रा, किरण साहू, विनोद नेताम, उप जोन प्रभारी अजय अग्रवाल, अविनाश जायसवाल, संजय ठाकुर, माहेश्वर सिंह, दिलेश्वर सिंह, करन पाण्डेय, पुखराज यादव, उप अभियंता सोमनाथ डेहरे, अंजुला अनंत, प्रमोद जगत, अंजूलता तिग्गा, अश्वनी दास, रितेश सिंह, मनीष यादव, गुलिस्ता साहू, छबिलाल उरांव, आस्मा डहरिया, भावेश यादव सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी   उपस्थित थे।


                          Hot this week

                          रायपुर : मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 305 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

                          विधायक सुश्री लता उसेंडी सहित जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को...

                          Related Articles

                          Popular Categories