कोरबा (BCC NEWS 24): घर-परिवार की जिम्मेदारियों के बीच बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए नियमित आर्थिक सहयोग परिवार के लिए बड़ी सुविधा बनता है। ग्राम बिशनपुर निवासी श्रीमती सुशीला बाई, पति श्री राम खिलावन के परिवार के लिए महतारी वंदन योजना से मिलने वाली हर माह 1 हजार रुपए की सहायता ऐसी ही उपयोगी मदद बनकर सामने आई है। योजना का लाभ मिलने से उन्हें घर की आवश्यकताओं के साथ बच्चों की शिक्षा से जुड़े खर्चों को पूरा करने में आर्थिक सहूलियत मिल रही है। श्रीमती सुशीला बाई ने बताया कि पहले परिवार की आमदनी से घर की जरूरतों के साथ बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी संभालना पड़ता था। कई आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए खर्च की प्राथमिकता तय करनी पड़ती थी। महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने खाते में 1 हजार रुपए की राशि आने से उन्हें नियमित आर्थिक सहयोग मिलने लगा। इस राशि का उपयोग वह घर की जरूरी आवश्यकताओं और बच्चों की शिक्षा पर करती हैं। सुशीला बाई ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि हर महीने मिलने वाली राशि उनके लिए काफी उपयोगी है। इससे घर के जरूरी सामान की व्यवस्था करने और बच्चों की पढ़ाई से जुड़े खर्च पूरे करने में मदद मिलती है। नियमित रूप से राशि खाते में आने से परिवार के बजट को संभालने में सुविधा हुई है। उन्होंने महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं और परिवारों को मिल रहे इस आर्थिक सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

(Bureau Chief, Korba)







