कोरबा: पीएम-जनमन से ग्राम नरबदा के दलदली पारा तक पहुंची पक्की सड़क

        लगभग एक किलोमीटर सड़क बनने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और मरीजों का आवागमन हुआ आसान

        कोरबा (BCC NEWS 24): प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से कोरबा विकासखंड के ग्राम नरबदा से दलदली पारा तक लगभग एक किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण कराया गया है। लंबे समय से सड़क की सुविधा का इंतजार कर रहे यहां के ग्रामीणों के लिए यह मार्ग रोजमर्रा के जीवन को आसान बनाने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बना है।

        सड़क बनने से पहले दलदली पारा के लोगों को बाजार और शहर आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बरसात सहित अन्य मौसमों में कच्चे और असुविधाजनक रास्ते से गुजरना मुश्किल हो जाता था। गांव के विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने के लिए भी दूर और कठिन रास्तों से होकर जाना पड़ता था। किसी के बीमार पड़ने पर एंबुलेंस को गांव तक पहुंचाने में परेशानी होती थी, जिससे मरीज और उनके परिजन चिंता में रहते थे।

        पक्की सड़क बनने से अब गांव तक वाहनों की आवाजाही सुगम हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, बाजार और शहर तक पहुंचना पहले की तुलना में आसान हुआ है। विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी और आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस भी गांव तक पहुंच पा रही है। ग्राम निवासी पंसारी बाई ने बताया कि पहले बाजार आने-जाने में बहुत दिक्कत होती थी। बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी होती थी और जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस का गांव तक आना भी कठिन था। अब सड़क बन जाने से आवागमन आसान हुआ है और एंबुलेंस गांव तक पहुंच जाती है।

        ग्रामीण बल सिंह ने बताया कि सड़क बनने के बाद गांव तक आने-जाने का सफर सुगम हो गया है। अब लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए पहले जैसी परेशानी नहीं उठानी पड़ती।
        ग्राम नरबदा से दलदली पारा तक बनी यह सड़क केवल आवागमन का मार्ग नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों तक पहुंच को सहज बनाने वाली सुविधा है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण से मिली राहत के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।



                Hot this week

                Related Articles

                Popular Categories