Tuesday, February 17, 2026

              कोरबा : पाली-तानाखार में ढाई हजार लोग BJP में शामिल; नपं अध्यक्ष, जिपं सदस्य सहित कांग्रेस नेता शैलेश सिंह ठाकुर का बीजेपी प्रवेश

              कोरबा: जिले के नगर पंचायत पाली के मंगल भवन में आयोजित एक राजनैतिक कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों कांग्रेसियों ने भाजपा में प्रवेश किया। लोकसभा आम चुनाव के पहले दल बदलने का सिलसिला जारी है। कोरबा से भाजपा लोकसभा प्रत्याशी सरोज पांडे ने पुष्प गुच्छ और भगवा गमछा पहनाकर भाजपा प्रवेश करने वालों का स्वागत किया।

              पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र में पाली नपं अध्यक्ष उमेश चंद्र, जिप सदस्य गणराज सिंह, पूर्व विधायक प्रतिनिधि शैलेश सिंह ठाकुर, शंकर दास महंत, नपं पूर्व एल्डर मेन अनिल सिंह परिहार, सुनील अग्रवाल, पार्षद सोना ताम्रकार जैसे प्रमुख नाम के अलावा क्षेत्र के लगभग ढाई हजार लोगों के भाजपा प्रवेश का दावा किया गया है।

              विधानसभा चुनाव 2023 में कई नेताओं ने थामा था बीजेपी का दामन

              बीते साल 2023 में हुए विधानसभा चुनाव के समय से ही मचे राजनैतिक उथल-पुथल के बीच लोकसभा चुनाव के दौर में कांग्रेस व अन्य दलों के लगभग ढाई हजार पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विधायक धरम लाल कौशिक, कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक प्रेमचंद पटेल, सुशांत शुक्ला, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह आदि अन्य की उपस्थिति में पार्टी प्रवेश किया।

              कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे हैं शैलेश सिंह ठाकुर

              बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के पहले सैकड़ों की संख्या में भाजपा प्रवेश से कांग्रेस को वर्तमान चुनाव सहित आगामी पंचायत चुनाव में नुकसान उठाना पड़ सकता है। कांग्रेस से ऐसा ही पलायन एक बार और हो चुका है, जब जोगी कांग्रेस का गठन हुआ था तब भी कांग्रेस के कद्दावर नेता शैलेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में एक बड़ा दल जोगी कांग्रेस में शामिल हो गया था।

              राम दयाल उइके का फिर से होगा क्षेत्र में दबदबा

              इस बड़ी राजनीतिक उठापटक के नफा नुकसान की बात करें तो भाजपा मजबूत होगी और उनको फायदा मिलेगा, लेकिन गुटबाजी भी बढ़ेगी। वहीं पार्टी में राम दयाल उइके फिर से पाली तानाखार विधानसभा क्षेत्र के सबसे बड़े नेता बन जाएंगे, जो उनके भावी राजनैतिक पारी के लिए बड़ी बात होगी। यही बात भाजपा के कुछ कट्टर कार्यकर्ताओं को नागवार गुजर रहा है।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories