मोहाली: 2 रियल एस्टेट ग्रुपों के ठिकानों पर ED की रेड, ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी का मामला, ₹1 करोड़ जब्त, कारोबारी ने 9वीं मंजिल से कैश के बैग फेंके, हवा में उड़े नोट

              मोहाली: इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) ने गुरुवार को पंजाब के दो रियल एस्टेट ग्रुपों के ठिकानों पर रेड की। यह कार्रवाई फर्जी तरीके से चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) हासिल करने और जमीन मालिकों व ग्राहकों के साथ करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के मामले में की गई। तलाशी के दौरान अलग-अलग जगहों से करीब 1 करोड़ रुपए जब्त किए गए। रेड अभी भी जारी है।

              मोहाली के खरड़ में वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में ED ने आईटी सेक्टर में काम करने वाले कारोबारी के घर पर दबिश दी। ED को आता देख पकड़े जाने के डर से रिहायशी टावर की नौवीं मंजिल से कैश से भरे 2 बैग नीचे फेंक दिए गए। जिनमें 500-500 रुपए के नोटों के बंडल भरे हुए थे।

              इनमें से एक बैग नीचे गिरते ही फट गया, जिससे कुछ नोट हवा में उड़ते हुए वहीं बिखर गए। एक बैग को वहां खड़ा ड्राइवर गाड़ी में डालकर भाग निकला। ED टीम ने उसका पीछा किया। लेकिन उसे पकड़ नहीं पाई। फटा बैग ED टीम ने जब्त कर लिया। उसमें से 21 लाख रुपए मिले। इस बैग की डबल पैकिंग की गई थी। जिसमें लाल रंग के बैग को सफेद रंग के बैग में पैक किया गया था।

              ED टीम की रेड होते ही पंजाब की पॉलिटिक्स गरमा गई। विरोधी दलों ने आरोप लगाया कि जिस कारोबारी नितिन गोहिल के घर रेड हुई, वह CM भगवंत मान के OSD राजबीर सिंह घुम्मन का करीबी है। यह रुपए भी OSD के ही थे। यही है इनकी कट्‌टर ईमानदारी।

              हालांकि शुकराना यात्रा पर निकले CM भगवंत मान ने अमृतसर में इन आरोपों को नकार दिया। CM ने कहा कि जिन पर ED रेड हुई, उनसे हमारा कोई संबंध नहीं। हमारा उनसे कोई लेना-देना नहीं है। देर शाम को ED ने प्रेस नोट जारी कर रेड को लेकर जानकारी दी।

              ED ने यह बैग जब्त किया है, जिसमें 500-500 के नोटों की गडि्डयां भरी थीं।

              ED ने यह बैग जब्त किया है, जिसमें 500-500 के नोटों की गडि्डयां भरी थीं।

              ED ने क्यों की रेड…

              • 30.5 एकड़ जमीन के फर्जी सहमति पत्र तैयार किए: ED के मुताबिक जांच में सामने आया है कि इंडियन कोऑपरेटिव हाउसिंग बिल्डिंग सोसाइटी (संटेक सिटी) के सुरेश कुमार बजाज और अजय सहगल ने 15 जमीन मालिकों की 30.5 एकड़ जमीन के फर्जी सहमति पत्र तैयार किए थे। इन पत्रों पर जाली हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लगाकर GMADA से CLU हासिल किया गया।
              • इसके बाद बिना किसी सेल डीड के, सोसाइटी में सदस्य बनाकर लोगों से 150 करोड़ रुपए से अधिक वसूले गए। अजय सहगल ने इसी तर्ज पर ‘ला कैनेला’ और ‘डिस्ट्रिक्ट 7’ जैसे प्रोजेक्ट्स भी विकसित किए।
              • कंपनी के प्रमोटर के खिलाफ गैर जमानती वारंट: एक अन्य मामले में ऑल्टस स्पेस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड पर आरोप है कि उसने खरीदारों को यह कहकर गुमराह किया कि उनके प्रोजेक्ट को GMADA से अंतिम CLU मिल गया है, जबकि वह सशर्त था और बाद में रद्द कर दिया गया था। इस मामले में कंपनी के प्रमोटर मोहिंदर सिंह के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है और उन्हें भगोड़ा अपराधी घोषित किया गया है।
              • मनी लॉन्ड्रिंग का एंगल भी सामने आया: जांच में मनी लॉन्ड्रिंग का एंगल भी सामने आया है। आरोप है कि धीर कंस्ट्रक्शन ने ऑल्टस स्पेस बिल्डर्स की संपत्तियों को कम कीमत पर हथियाने की कोशिश की, ताकि मनी लॉन्ड्रिंग को सुगम बनाया जा सके। इसके अलावा, नितिन गोहल और प्रितपाल सिंह ढींडसा जैसे बिचौलियों के नाम भी सामने आए हैं, जिन्होंने आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण दिलाने में मदद की। जांच के दौरान कई दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जो सरकारी कामकाज में इनके हस्तक्षेप की ओर इशारा करते हैं।
              टीम ने बैग से नोटों की गडि्डयां बरामद की हैं।

              टीम ने बैग से नोटों की गडि्डयां बरामद की हैं।

              ED रेड से जुड़ी अहम बातें…

              • टावर में रहने वाला 4 महीने पहले आया: प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सोसाइटी के फ्लैट नंबर 906 में रेड हुई है। यहां रहने वाले व्यक्ति की पहचान नितिन कुमार गोहिल के रूप में हुई है, जो IT सेक्टर में कार्यरत बताया जा रहा है। सोसाइटी के लोगों ने बताया कि नितिन कुमार करीब 4 महीने पहले ही यहां रहने आया था। इसलिए लोगों को भी उसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।
              • रोजाना कूरियर आते थे: सोसाइटी के लोगों के अनुसार नितिन कुमार के फ्लैट पर रोजाना बड़ी संख्या में कूरियर आते थे, जिन्हें अधिकतर उसका ड्राइवर ही रिसीव करता था। नितिन गोहिल पर भी कथित राजनीतिक लिंक और फाइनेंशियल गड़बड़ियों के लिए जांच चल रही है।
              • मोहाली-चंडीगढ़ में 12 स्थानों पर रेड चल रही: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ED ने सनटेक सिटी प्रोजेक्ट में कथित धोखाधड़ी के सिलसिले में मोहाली और चंडीगढ़ में 12 जगहों पर दबिश दी है।
              • सुबह 7:30 बजे 9वीं मंजिल से फेंका बैग: सुबह करीब 7:30 बजे बैग 9वीं मंजिल से फेंका गया। जिसको वहां के लोकल लोगों ने देखा। लोकल पुलिस का कहना है कि उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर लिखित में कोई शिकायत आती है तो वह मुकदमा दर्ज करेंगे

              सोसाइटी, जिसमें रेड हुई, PHOTOS…

              केंद्रीय एजेंसी ने इस सोसाइटी में रेड की है।

              केंद्रीय एजेंसी ने इस सोसाइटी में रेड की है।

              रेड के दौरान पूरी सोसाइटी में सन्नाटा पसरा रहा।

              रेड के दौरान पूरी सोसाइटी में सन्नाटा पसरा रहा।

              ED रेड पर विरोधी दलों के नेताओं ने क्या कहा…

              • बिक्रम मजीठिया: अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने सोशल मीडिया पर लिखा- करोड़ों के 500 रुपए के नोट हवा में उड़ते दिखे। यह पैसा किसका है? CM मान के OSD राजबीर सिंह का। ED के जाल में कट्टर धोखेबाज फंस गए हैं। हवाला लेनदेन का खुलासा हुआ है। जल्द ही बड़ा पर्दाफाश हो सकता है।
              • अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग: पंजाब कांग्रेस प्रधान व लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा- ईडी की रेड और उससे जुड़े वीडियो व तस्वीरों ने खुद को कट्टर ईमानदार बताने वालों की छवि की पोल खोल दी है। सत्ता के बेहद करीबी व्यक्ति के ठिकाने से हवा में नोट उड़ते दिखाई दिए।
              • सुखबीर सिंह बादल: शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने कहा- 500-500 रुपये के नोटों के बंडल हवा में उड़ते दिखाई दिए। यह कट्टर ईमानदार पार्टी की सच्चाई है। यह पंजाब और उसके संसाधनों की लूट का साफ सबूत है, ताकि भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल के खजाने भरे जा सकें।
              • प्रताप सिंह बाजवा: कांग्रेस लीडर प्रताप सिंह बाजवा ने कहा- हमारा पहले से ही कहना था। आज जो ईडी की रेड हुई है, वह मुख्यमंत्री के बिल्कुल करीबी, उनके फ्रंटमैन और ओएसडी के क्लोज साथियों पर हुई है। पहले फिल्मों में देखा था कि 9वीं या 10वीं मंजिल से नोटों के बैग फेंके जाते थे, लेकिन अब असल चेहरा सामने आ गया है। यह आम आदमी पार्टी नहीं है, बल्कि अरबों रुपये के भ्रष्टाचार की पार्टी है।
              • हरसिमरत कौर बादल: शिरोमणि अकाली दल की बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि पंजाब और उसके संसाधनों की लूट का इससे बड़ा सबूत और क्या हो सकता है? जब मुख्यमंत्री भगवंत मान के करीबी सहयोगियों द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई से बचने के लिए ऊंची इमारतों से करोड़ों रुपए के 500-500 के नोटों की गड्डियां हवा में फेंकी जाएं, तो आम आदमी पार्टी द्वारा पंजाब में किए जा रहे कथित भ्रष्टाचार और लूट के स्तर का अंदाजा लगाया जा सकता है।
              • स्वाति मालीवाल: AAP छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा- करोड़ों रुपये लेकर बिल्डरों के CLU करवाए जाते हैं, नाजायज प्रोजेक्ट पास हो जाते हैं। करोड़ों रुपये हवाला के जरिये ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुके हैं। चुनाव हारते ही इन सबका ऑस्ट्रेलिया फरार होने का प्लान है। पंजाब को लूटने वाले सभी कट्टर भ्रष्टाचारी चोर जेल जाएंगे।

              AAP सांसद बोले- मजीठिया से पूछकर रेड हुई क्या?

              मजीठिया की पोस्ट का जवाब देते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद मालविंदर सिंह कंग ने दिल्ली में कहा कि बिक्रम मजीठिया से पूछकर रेड की गई क्या है? इसका मतलब है कि मजीठिया आजकल केंद्र सरकार को खबर दे रहे हैं।

              उन्होंने कहा कि हमें तो पता नहीं है किसके यहां रेड पड़ी है, किस मामले में कार्रवाई हुई है? इसका मतलब तो यह है कि BJP, कांग्रेस और अकाली दल मिलकर साजिश रच रहे हैं। इस बारे में जल्दी ही सब स्पष्ट हो जाएगा। उन्होंने कहा कि AAP वह पार्टी है, जिसने अपने आदमी भी नहीं बख्शे हैं।


                              Hot this week

                              रायपुर : कोटपा अधिनियम के तहत 20 फर्मों पर चालानी कार्रवाई

                              रायपुर (BCC NEWS 24): राज्य शासन के लोक स्वास्थ्य...

                              रायपुर : सुशासन तिहार बना ग्रामीणों के लिए राहत का माध्यम : अनीता को मिला नया राशन कार्ड

                              जनसमस्या निवारण शिविर में त्वरित कार्रवाई से हाथों-हाथ हुआ...

                              रायपुर : जनसेवा और सुशासन ही सरकार की प्राथमिकता – कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल

                              लखनपुर निज निवास पर मंत्री ने सुनीं क्षेत्रवासियों की...

                              Related Articles

                              Popular Categories