नेपाल हिंसा: होटल इंडस्ट्री को ₹1600 करोड़ का नुकसान, हिंसा में 51 लोगों की मौत, इनमें एक भारतीय; सुशीला कार्की का PM बनना लगभग तय

              काठमांडू: नेपाल हिंसा में 6 दिन से जारी हिंसा में अब तक होटल इंडस्ट्री को 25 अरब नेपाली रुपए (16 अरब भारतीय रुपए) का नुकसान हुआ है। आंदोलनकारियों ने काठमांडू के फेमस हिल्टन होटल समेत कई होटल्स में आगजनी की है।

              हिंसा में अब तक मरने वालों का आंकड़ा 51 पहुंच गया है, जबकि 1500 से ज्यादा लोग घायल हैं। विरोध प्रदर्शन के 5वें दिन 17 मौतों की पुष्टि हुई। इनमें गाजियाबाद की रहने वाली एक भारतीय महिला भी शामिल है।

              वहीं, केपी शर्मा ओली के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफे को 48 घंटे हो गए हैं, लेकिन अभी तक अंतरिम प्रधानमंत्री तय नहीं हो सका है। इसपर बातचीत आज सुबह 9 बजे फिर से शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि सुशीला कार्की का अंतरिम पीएम बनना लगभग तय है।

              इससे पहले कल दिनभर चली चर्चा किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। भास्कर सूत्रों के मुताबिक, भले ही सुशीला कार्की को अंतरिम पीएम बनाने पर लगभग सहमति बन गई है, लेकिन मौजूदा संसद को भंग करने या न करने पर चर्चा रुकी हुई है।

              बातचीत में भाग लेने वाले एक अधिकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति पौडेल संसद भंग करने को तैयार नहीं है। हालांकि कार्की ने तर्क दिया है कि पहले संसद को भंग किया जाना चाहिए क्योंकि संविधान के अनुसार संसद कायम रहते हुए किसी गैर-सांसद (जो संसद का सदस्य न हो) को प्रधानमंत्री नहीं बनाया जा सकता।

              नेपाल से जुड़े शुक्रवार के 10 बड़े अपडेट्स

              1. सुशीला कार्की को अंतरिम पीएम बनाने पर बातचीत अंतिम चरण में है; उन्हें मेयर बालेन शाह का समर्थन भी मिला है।
              2. गुरुवार की बैठक में सहमति नहीं बन पाई, क्योंकि एक गुट ने कुलमन घीसिंग का नाम प्रस्तावित किया।
              3. आज सेना और Gen-Z के बीच बैठक का दूसरा दौर जारी, जिसमें अंतरिम सरकार और संसद भंग करने पर चर्चा होगी।
              4. काठमांडू में हालात सामान्य होने लगे हैं। सेना गश्त कर रही है, दुकानें खुलीं और मलबा साफ किया जा रहा है।
              5. भारत ने विशेष उड़ानों से नागरिकों को निकालना शुरू किया; आंध्र प्रदेश के 140 लोग सुरक्षित लौटे।
              6. कई भारतीय सोनौली और पानीटंकी जैसे बॉर्डर से भी वापस आ रहे हैं।
              7. दिल्ली-काठमांडू बस नेपाल में फंसी है, वहीं अयोध्या के 8 यात्री हिलसा में अटके हैं।
              8. भारतीय वॉलीबॉल टीम को भारतीय दूतावास ने बचाया; मेंबर उपासना गिल की वीडियो अपील वायरल हुई थी।
              9. एसएसबी ने नेपाल की जेल से भागे 67 कैदियों को भारत में घुसने से पकड़ा।
              10. गाजियाबाद की राजेश गोला की होटल आगजनी में मौत, होटल कारोबार 50% गिरा, जरूरी सामान महंगे हुए।

                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories