नई दिल्ली: 25 अगस्त से अमेरिका के लिए भारतीय डाक सेवाएं सस्पेंड, सिर्फ 8700 रुपए तक के डॉक्यूमेंट-गिफ्ट भेज सकेंगे; अमेरिकी टैरिफ की वजह से फैसला

              नई दिल्ली: भारतीय डाक विभाग 25 अगस्त से अमेरिका के लिए ज्यादातर डाक सामानों की बुकिंग सस्पेंड करने जा रहा है। फिलहाल ये फैसला अस्थायी रूप से लागू होगा। 23 अगस्त को डाक विभाग ने एक प्रेस नोट जारी करके इसकी जानकारी दी।

              29 अगस्त से अमेरिका जाने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय डाक सामानों पर देश-विशेष इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर एक्ट (IEEPA) टैरिफ स्ट्रक्चर के अनुसार कस्टम ड्यूटी देनी होगी। चाहे उनकी कीमत कितनी भी हो।

              हालांकि, 100 डॉलर (करीब 8,700 रुपए) तक की कीमत वाले गिफ्ट आइटम्स को ड्यूटी से छूट मिलती रहेगी। इससे पहले 800 डॉलर यानी करीब 70 हजार रुपए तक के सामान ड्यूटी फ्री थे।

              यहां सवाल-जवाब में समझें पूरा मामला…

              सवाल 1 : भारत से अमेरिका के लिए पोस्टल सर्विस क्यों बंद हो रही है?

              जवाब: ट्रम्प प्रशासन ने 30 जुलाई को एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर (नंबर 14324) जारी किया, जिसके तहत 800 डॉलर (करीब 70 हजार रुपए) तक की कीमत वाले सामान पर दी जाने वाली ड्यूटी-फ्री छूट को 29 अगस्त 2025 से खत्म कर दिया जाएगा।

              इसके बाद, अमेरिका जाने वाले सभी डाक सामान, चाहे उनकी कीमत कितनी भी हो, उनपर कस्टम ड्यूटी लगेगी। ये ड्यूटी देश-विशेष इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर एक्ट (IEEPA) टैरिफ स्ट्रक्चर के हिसाब से होगी। इस वजह से डाक विभाग ने 25 अगस्त से अमेरिका के लिए ज्यादातर डाक सेवाएं टेम्परेरी तौर पर बंद करने का फैसला किया है।

              सवाल 2 : क्या सभी तरह के पोस्टल सर्विस अभी से बंद होंगी?

              जवाब: नहीं, अभी केवल लेटर या डॉक्यूमेंट और और 100 डॉलर (करीब 8700 रुपए) तक की कीमत वाले गिफ्ट आइटम्स ही भेजे जा सकेंगे। इन पर ड्यूटी से छूट रहेगी। बाकी सभी तरह के डाक सामानों की बुकिंग 25 अगस्त 2025 से रोक दी जाएगी।

              सवाल 3 : ये नया नियम लागू करने में क्या दिक्कत आ रही है?

              जवाब: अमेरिकी कस्टम्स और बॉर्डर प्रोटेक्शन (CBP) ने 15 अगस्त को कुछ दिशानिर्देश जारी किए, लेकिन ड्यूटी वसूलने और जमा करने की प्रोसेस और क्वालिफाइड पार्टीज (किन सामानों को भेजा जा सकेगा) से जुड़े कई जरूरी नियम अभी तक साफ नहीं हैं। इस वजह से अमेरिका जाने वाले हवाई कैरियर्स ने कहा है कि वो 25 अगस्त के बाद डाक सामान स्वीकार नहीं कर पाएंगे, क्योंकि उनके पास टेक्निकल ऑपरेशनल तैयारियां पूरी नहीं हैं।

              सवाल 4 : जिन ग्राहकों ने पहले से सामान बुक कर लिया है, उनका क्या होगा?

              जवाब: अगर किसी ने पहले से डाक सामान बुक किया है और अब उसे अमेरिका नहीं भेजा जा सकता, तो वो अपने डाक पेमेंट की वापसी के लिए आवेदन कर सकते हैं। डाक विभाग ने ग्राहकों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है और भरोसा दिया है कि वो जल्द से जल्द पूरी सेवाएं बहाल करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है।

              सवाल 5 : ये रोक कब तक रहेगी?

              जवाब: ये टेम्परेरी सस्पेंशन है, लेकिन डाक विभाग ने ये नहीं बताया कि ये कब तक चलेगा। वो स्थिति पर नजर रख रहा है और जैसे ही अमेरिका से साफ दिशानिर्देश मिलेंगे, सेवाएं फिर से शुरू करने की कोशिश की जाएगी।


                              Hot this week

                              रायपुर : अम्बिकापुर में विकास को नई रफ्तार

                              पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने  7 करोड़...

                              Related Articles

                              Popular Categories