पाकिस्तान: पूर्व PM इमरान खान की मौत की अफवाह… जेल प्रशासन बोला- उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक, समर्थक मुलाकात पर अड़े, PTI बोली- इमरान को कुछ हुआ तो बर्दाश्त नहीं करेंगे

              इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह तेज हो गई है। इमरान अगस्त 2023 से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं।

              कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। पिछले 3 हफ्तों से इमरान की बहनें उनसे मिलने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन जेल प्रशासन इसकी अनुमति नहीं दे रहा है। इसके चलते से इमरान की खराब सेहत के कयास लगाए जा रहे हैं।

              इमरान की बहनों ने सरकार से सच बताने की मांग की है। तनाव बढ़ने के बाद जेल प्रशासन ने कहा है कि इमरान खान की तबीयत बिल्कुल ठीक है।

              इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने भी इमरान की सेहत के बारे में हाल की अफवाहों के बारे में सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही प्रशासन से पूर्व प्रधानमंत्री और उनके परिवार के बीच मुलाकात की व्यवस्था करने की मांग की है।

              इमरान की बहन अलीमा खान मंगलवार रात रावलपिंडी की अडियाला जेल के बाहर प्रदर्शन में शामिल हुईं।

              इमरान की बहन अलीमा खान मंगलवार रात रावलपिंडी की अडियाला जेल के बाहर प्रदर्शन में शामिल हुईं।

              PTI बोली- इमरान को कुछ हुआ तो बर्दाश्त नहीं करेंगे

              PTI ने आरोप लगाया है कि विदेशी सोशल मीडिया अकाउंट्स से इमरान की मौत तक की खबरें फैलाई जा रही हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और मानवाधिकारों का उल्लंघन है। पार्टी ने सख्त चेतावनी दी है कि इमरान खान की सुरक्षा, स्वास्थ्य और संवैधानिक अधिकारों की जिम्मेदारी सीधे सरकार पर है।

              अगर कोई अनहोनी हुई तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। PTI ने अफवाह फैलाने वालों की जांच कराने की भी मांग की।

              धरने पर बैठी इमरान की बहनों पर लाठीचार्ज हुआ था

              इमरान खान की बहनें अलीमा खान, नोरीन नियाजी और डॉ. उज्मा खान पिछले कई दिनों से अडियाला जेल के बाहर धरना दे रही हैं, लेकिन उन्हें भाई से मिलने की अनुमति नहीं मिली।

              उनकी बहनों ने आरोप लगाया कि धरने के समय उन पर लाठीचार्ज किया गया और सड़क पर खींचकर घसीटा गया। उन्होंने इसे क्रूरता बताया और कहा है कि यह सब इमरान को परिवार से अलग करने की साजिश का हिस्सा है।

              पिछले हफ्ते भी इमरान की बहनों से बदसलूकी हुई

              पिछले हफ्ते भी इमरान खान की बहनों के साथ रावलपिंडी पुलिस ने बदसलूकी की थी। उन्हें जबरदस्ती हिरासत में ले लिया था।

              मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना उस समय हुई जब उनकी बहनें इमरान खान से होने वाली साप्ताहिक मुलाकात के लिए अडियाला जेल पहुंची थीं, लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया।

              इमरान खान की पार्टी PTI ने X पोस्ट में कहा कि इमरान खान की बहनें अलीमा, नोरीन और डॉ. उज्मा जेल के बाहर शांतिपूर्वक बैठी थीं, तभी पुलिस ने उन्हें जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश की।

              रावलपिंडी की अडियाला जेल के बाहर मंगलवार रात को धरना प्रदर्शन करते PTI कार्यकर्ता।

              रावलपिंडी की अडियाला जेल के बाहर मंगलवार रात को धरना प्रदर्शन करते PTI कार्यकर्ता।

              रक्षा मंत्री बोले- इमरान जेल में मखमली बिस्तर पर सोते हैं

              इस बीच, रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार को इमरान की जेल सुविधाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इमरान के पास जेल में टीवी है, बाहर से खाना आता है और जिम इक्विपमेंट भी मौजूद है।

              आसिफ ने कहा कि जब वो जेल में बंद थे तो उनके पास सिर्फ दो कंबल होते थे। उन्होंने बताया कि हम ठंडे फर्श पर सोते थे और जेल में बना खाना ही खाते थे। हमें गर्म पानी भी नहीं मिलता था।

              उन्होंने आरोप लगाया कि इमरान के पास डबल बेड और मखमली बिस्तर है। दावा किया कि जेल अधिकारी व्यक्तिगत रूप से उनकी देखभाल करते हैं।

              आसिफ ने कहा कि इमरान पर उनके समर्थकों को झूठ बोलने से पहले खुदा से डरना चाहिए।

              हाईकोर्ट इमरान से मुलाकात की मंजूरी दे चुका

              मार्च 2025 में इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने इमरान खान को परिवार और वकीलों से नियमित मुलाकात की मंजूरी दी थी, लेकिन जेल प्रशासन आदेश का पालन नहीं कर रहा।

              अक्टूबर 2025 में अदालत ने दोबारा मुलाकातें बहाल करने का निर्देश दिया, फिर भी उनकी बहनों को अब तक एक भी बार मुलाकात नहीं कराई गई है।

              ये तस्वीर मई 2023 की है जब गिरफ्तारी के बाद इमरान खान को कोर्ट लाया गया था।

              ये तस्वीर मई 2023 की है जब गिरफ्तारी के बाद इमरान खान को कोर्ट लाया गया था।

              इमरान खान 2 साल से ज्यादा समय से जेल में बंद हैं

              इमरान खान पर 100 से ज्यादा केस चल रहे हैं और वे अगस्त 2023 से जेल में हैं। भ्रष्टाचार मामले में उन्हें 14 साल की सजा सुनाई जा चुकी है, जिसमें सरकारी गिफ्ट (तोशाखाना केस) बेचने और सरकारी सीक्रेट लीक करने जैसे आरोप शामिल हैं।

              इमरान पर आरोप है कि उन्होंने अल-कादिर ट्रस्ट के लिए पाकिस्तान सरकार की अरबों रुपए की जमीन को सस्ते में बेच दिया था। इस मामले में इमरान को 9 मई 2023 को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पूरे मुल्क में फौज के कई अहम ठिकानों पर हमले हुए थे।​​​

              पाकिस्तान के नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (NAB) ने अल-कादिर ट्रस्ट केस में दिसंबर 2023 में इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी और अन्य 6 व्यक्तियों पर मामला दर्ज किया था। हालांकि जब इमरान के खिलाफ ये केस दर्ज हुआ, उससे पहले से ही वे तोशाखाना केस में अडियाला जेल में बंद थे। ​​​​

              इमरान खान पर भ्रष्टाचार मामले में 100 से ज्यादा केस चल रहे हैं।

              इमरान खान पर भ्रष्टाचार मामले में 100 से ज्यादा केस चल रहे हैं।

              50 अरब का स्कैम है अल-कादिर ट्रस्ट केस

              • पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस केस में 4 अहम किरदार हैं। इमरान खान और पत्नी बुशरा बीबी, अरबपति लैंड माफिया मलिक रियाज और बुशरा की दोस्त फराह गोगी।
              • पाकिस्तान सरकार का आरोप है कि खान जब प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने मलिक रियाज को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाया। ब्रिटेन में रियाज की अरबों रुपए की प्रॉपर्टी जब्त करा दी। उसका एक गुर्गा भी लंदन में गिरफ्तार करा दिया, जिससे 40 अरब पाकिस्तानी रुपए बरामद हुए।
              • आरोप है कि इस केस के बाद दो डील हुईं। इसके तहत ब्रिटेन सरकार ने रियाज के गुर्गे से बरामद पैसा पाकिस्तान सरकार को लौटा दिया।
              • आरोप है कि इमरान ने कैबिनेट को इस पैसे की जानकारी नहीं दी। बल्कि अल कादिर नाम से एक ट्रस्ट बनाकर मजहबी तालीम देने के लिए एक यूनिवर्सिटी शुरू की। इसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में 3 मेंबर थे। इमरान खान, बुशरा बीबी और फराह गोगी।
              • इस केस की FIR में कहा गया है कि इसके लिए अरबों रुपए की जमीन मलिक रियाज ने दी। बुशरा बीबी को डायमंड रिंग भी गिफ्ट की। बदले में रियाज के तमाम केस खत्म कर दिए गए।
              • पाकिस्तान के होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह ने इमरान की गिरफ्तारी के बाद कहा- ये पाकिस्तान के इतिहास का सबसे बड़ा स्कैम है। सरकारी खजाने को कम से कम 50 अरब रुपए की चपत लगी। इसके बावजूद 13 महीने में एक बार भी इमरान या बुशरा पूछताछ के लिए नहीं आए। 3 साल में इस यूनिवर्सिटी में महज 32 स्टूडेंट्स ने ही एडमिशन लिया।
              • जियो न्यूज के मुताबिक, पूरे मामले को देखते हुए इमरान खान और उनकी पत्नी पर 1 हजार 955 करोड़ रुपए की घूस लेने का आरोप दर्ज किया गया।
              पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पत्नी बुशरा बीबी के साथ।

              पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पत्नी बुशरा बीबी के साथ।

              पत्नी के ऑडियो लीक से फंसे इमरान

              • पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में मलिक रियाज और उसकी बेटी अम्बर के एक ऑडियो के बारे में खबरें छपी थीं। लीक हुआ ये वीडियो 2 मिनट 17 सेकेंड का था। इसमें रियाज और अम्बर बुशरा से लेनदेन और किसी फाइल को निपटाने की बातचीत कर रहे थे। इसमें अम्बर पिता को बताती हैं कि इमरान की पत्नी बुशरा बीबी 5 कैरेट हीरे की अंगूठी मांग रही हैं। इसके बदले वो इमरान से रियाज को ठेके दिलवा देंगीं और उनके खिलाफ केस भी खत्म करा देंगीं।
              • लीक हुए टेप में जो बातचीत थी, उसके मुताबिक अम्बर अपने पिता से कहती हैं- मेरी फराह गोगी से बातचीत हो गई है। वो कह रही हैं कि बुशरा बीबी को 3 नहीं बल्कि 5 कैरेट का डायमंड चाहिए। रिंग वो खुद बनवा लेंगीं, लेकिन उसका पेमेंट हमें करना होगा। बुशरा और फराह ने खान साहब से बात कर ली है। वो फौरन ठेके की सारी फाइलें ओके करा देंगे। इस पर मलिक रियाज कहता है- कोई दिक्कत नहीं। 5 कैरेट का डायमंड भेज देते हैं।
              • माना जाता है कि ठेकों की यह सौदेबाजी अल कादिर यूनिवर्सिटी की जमीन लेने के बाद हुई।

                              Hot this week

                              रायपुर : लोक निर्माण विभाग के सचिव ने जेलों में निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की

                              कार्यपालन अभियंताओं, जेल अधीक्षकों और ठेकेदारों को बेहतर समन्वय...

                              ​रायपुर : ​धमतरी की ‘पशु सखियाँ’ बनीं आधुनिक पशुपालन की ध्वजवाहक

                              शैक्षणिक भ्रमण से मिली आजीविका को नई उड़ान​रायपुर (BCC...

                              ​रायपुर : ​आत्म-नियंत्रण और मेडिटेशन ही आज के युवाओं की सबसे बड़ी अंतःशक्ति – मनोज दयाल

                              केटीयूजेएम और ब्रह्माकुमारीज के संयुक्त तत्वावधान में ‘आत्म-नियंत्रण से...

                              रायपुर : छत्तीसगढ़ का पहला स्पोर्ट्स कॉनक्लेव 28 जुलाई को रायपुर में

                              खेल प्रशासक, विशेषज्ञ, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट और नामचीन खिलाड़ी खेल...

                              Related Articles

                              Popular Categories