पाकिस्तान: PM शहबाज के करीबी सनाउल्लाह आतंकी हाफिज सईद के बेटे से हाथ मिलाते दिखे, तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल

            इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के करीबी सहयोगी राणा सनाउल्लाह और आतंकी हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

            बताया जा रहा है कि यह तस्वीर फैसलाबाद में हुए एक शादी समारोह की है, जिसमें राणा सनाउल्लाह और तल्हा सईद एक-दूसरे से हाथ मिलाते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस मुलाकात की सही तारीख की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

            हाफिज सईद को 2008 के मुंबई आतंकी हमलों का मुख्य साजिशकर्ता माना जाता है। उस पर भारत, अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र ने प्रतिबंध लगाए हुए हैं। उसका बेटा तल्हा सईद भी भारत द्वारा UAPA कानून के तहत आतंकी घोषित किया जा चुका है।

            हाफिज सईद इस समय पाकिस्तान में सजा काट रहा है, लेकिन समय-समय पर उसके खुलेआम घूमने की खबरें भी सामने आती रही हैं।

            यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान के किसी नेता का नाम ऐसे विवाद में जुड़ा हो। पिछले साल पंजाब के कसूर में हुए एक कार्यक्रम में भी कई पाकिस्तानी मंत्री आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों के साथ मंच साझा करते दिखे थे।

            यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब हाल ही में आई एक अमेरिकी रिपोर्ट में कहा गया था कि पाकिस्तान में कई आतंकी संगठन अब भी सक्रिय हैं और उन्हें पूरी तरह खत्म नहीं किया गया है।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories