Monday, February 9, 2026

            PM मोदी बोले- तमिलनाडु में DMK सरकार का काउंटडाउन शुरू, ये बस एक परिवार की जी हुजूरी में लगे हैं; केरल में प्रधानमंत्री ने कहा- यहां भाजपा की नींव पड़ गई

            तिरुवनंतपुरम: पीएम मोदी ने शुक्रवार को तमिलनाडु और केरल का दौरा किया। केरल के तिरुवनंतपुरम में 55 मिनट की स्पीच में पीएम ने कहा कि 1987 के पहले गुजरात में बीजेपी एक हाशिए की पार्टी थी। अखबार में दो लाइन नहीं छपती थीं।

            1987 में पहली बार अहमदाबाद में नगर निगम में जीत हासिल की, वैसे ही बीजेपी ने तिरुवनंतपुरम में हासिल की। यहां से केरल में भाजपा की नींव पड़ गई है।’

            तमिलनाडु के चेंगलपट्टू में पीएम ने कहा कि राज्य के लोग डीएमके के कुशासन से मुक्ति चाहते हैं। डीएमके सरकार का काउंट डाउन शुरू हो चुका है। पीएम ने गांधी परिवार का नाम लिए बिना कहा कि तमिलनाडु सरकार बस एक परिवार की जी हुजूरी में लगी है। यहां उन्होंने 30 मिनट की स्पीच दी।

            पीएम का तमिलनाडु और केरल का दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि इसी साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं।

            मोदी की तमिलनाडु में स्पीच के 4 पॉइंट्स, पूछा- DMK सरकार में करप्शन, माफिया

            1. डीएमके सरकार पर

            डीएमके ने वादे बहुत किए लेकिन काम जीरो रहा। डीएमके सरकार को लोग CMC सरकार बोल रहे हैं। यानी करप्शन माफिया और क्राइम को बढ़ावा देने वाली सरकार। तमिलनाडु की जनता डीएमके को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। यहां एनडीए की डबल इंजन सरकार बनना तय है।

            डीएमके में वही आगे बढ़ता है जिसके पास करप्शन रूट, एब्यूज वूमेन रूट और एब्यूज अवर कल्चर रूट हैं। यही कारण है कि डीएमके में वहीं लोग आगे बढ़ रहे हैं जिन्हें ये सब काम आते हैं। तमिलनाडु का बच्चा बच्चा जानता है कि कहां कितना करप्शन हो रहा है और ये कमाई किसकी जेब में जा रही है।

            2. कांग्रेस पर

            बीते 11 सालों में एनडीए की केंद्र सरकार ने अभूतपूर्व काम किया है। 2014 से पहले दिल्ली में जब कांग्रेस गठबंधन की सरकार थी। तब तमिलनाडु के विकास के लिए कम फंड दिया जाता था। पिछले 11 साल में एनडीए सरकार ने 3 लाख करोड़ रुपए तमिलनाडु को दिए हैं।

            ये कांग्रेस सरकार की तुलना में करीब 3 गुना है। एनडीए सरकार ने तमिलनाडु के वेलफेयर के लिए करोड़ों रुपए दिए हैं। कांग्रेस गठबंधन के कार्यकाल में गरीब, एससी, एसटी, ओबीसी के वेलफेयर के नाम पर सिर्फ घोटाले होते थे।

            3. तमिल संस्कृति पर

            हम सिर्फ तमिल संस्कृति की बात नहीं करते बल्कि उसकी रक्षा के लिए काम भी करते है। भगवान मुरुगन के दीप को लेकर विवाद खड़ा किया गया तो हमारे नेताओं ने आवाज उठाई। डीएमके और उनके साथियों ने वोट बैंक को खुश करने के लिए कोर्ट को भी बदनाम किया। डीएमके तमिलनाडु की संस्कृति की सबसे बड़ी दुश्मन है।

            तमिलनाडु का युवा अपनी संस्कृति को सेलिब्रेट कर सके इसलिए एनडीए सरकार हर तरह उनके साथ है।

            केरल में मोदी की स्पीच के 4 पॉइंट्स, कहा- कांग्रेस यहां कट्टरपंथ को बढ़ावा दे रही

            1. लेफ्ट और कांग्रेस सरकार पर

            तिरुवनंतपुरम के साथ दशकों से लेफ्ट ने बहुत अन्याय किया। यहां की जनता को बेसिक सुविधाओं से वंचित रखा गया। एलडीएफ, यूडीएफ के लोगों ने केरल को करप्शन और कुशासन की राजनीति में झोंक दिया है। एलडीएफ, यूडीएफ के झंडे अलग हैं, सिंबल अलग है लेकिन पॉलिटक्स और एजेंडा एक है। झंडा अलग लेकिन एजेंडा एक है। इनकी मिलिभगत को तोड़ना होगा। परिवर्तन लाना होगा।

            कांग्रेस की मुस्लिम लीग और माओवादी सोच से आपको सतर्क रहना है ये केरल को अपनी लैब बना रहे हैं। कांग्रेस यहां कट्टरपंथ को बढ़ावा दे रही है। आस्था की पवित्र धरती को मुस्लिम लीग के एजेंडे से बचाना है।

            2014 से पहले दिल्ली में 10 साल तक लेफ्ट के समर्थन से कांग्रेस की सरकार चलती थी। उस दौरान केरल के किसानों के लिए न लेफ्ट ने कुछ किया न कांग्रेस ने किया। किसान के हित का पैसा नेताओं की जेब में पहुंच जाता था। हमने पीएम किसान निधि शुरु की। एलडीएफ, यूडीएफ के लोग चाहकर भी इस पैसों का लूट नहीं सकते।

            2. केरल में भ्रष्टाचार पर

            तिरुवनंपुरम के साथ दशकों से लेफ्ट ने बहुत अन्याय किया। लेफ्ट और कांग्रेस ने करप्शन के चलते यहां की जनता को बेसिक सुविधाओं से वंचित रखा। अब ऐसा नहीं होगा। हमारी टीम ने विकसित केरल पर काम करना शुरु कर दिया है। मैं यहां की जनता से कहता हूं कि आप विश्वास रखिए जो अब तक नहीं बदला, वो अब बदलेगा। तिरंवनंतपुरम पूरे देश के लिए मॉडल सिटी बनेगा।

            करप्शन ने केरल के डेवलेपमेंट पर ब्रेक लगा दी है। बैंकों में घोटाले करके गरीबों का पैसा लूटा गया। किसी ने बच्चों की पढ़ाई तो किसी ने बिटिया की शादी के लिए पैसा रखा था। वो भी कांग्रेस और लेफ्ट ने लूट लिया। ऐसे लोगों को कड़ी सजा देना जरूरी है। आप बीजेपी को मौका दीजिए जिसने आपको लूटा उनसे एक-एक पैसा वसूल किया जाएगा।

            3. केरल के विकास पर

            केरल को विकसित बनाने में हमारी युवा शक्ति की भूमिका है। कांग्रेस लेफ्ट ने युवाओं के साथ धोखा किया है। आज पूरी दुनिया आत्मनिर्भर भारत अभियान में अपने लिए अवसर देख रही है। इसलिए गल्फ हो, यूरोप हो, भारत समझौते कर रहा है। इसका लाभ केरल को मिल सकता है इसके लिए यहां बीजेपी की डबल इंजन सरकार होना बहुत जरूरी है।

            विकसित केरल के लिए बड़े फैसले का समय आ गया है। केरल को नई पॉलिटिक्स चाहिए। 21वीं सेंचुरी के पहले 25 साल तो चले गए अगले 25 सालों में केरल को विकसित बनाने में बीजेपी को बहुमत चाहिए। केरल के लोगों से कहना चाहूंगा कि यही समय है सही समय है।

            4. धर्म, सबरीमाला मंदिर पर

            मोदी ने कहा- भगवान अयप्पा के मंदिर में पूरे देश के लोगों की आस्था है। लेकिन एलडीएफ सरकार ने सबरीमाला मंदिर को नुकसान पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। यहां सोने की चोरी की खबरें आ रही हैं। भगवान के पास से सोने की चोरी, यहां बीजेपी की सरकार बनते ही आरोपों की पूरी जांच होगी दोषियों की जगह जेल में होगी। ये मोदी की गारंटी है।

            मोदी ने तिरुवनंतपुरम को केरल का ‘अहमदाबाद’ क्यों कहा

            पीएम मोदी ने केरल के पहले बीजेपी मेयर वीवी राजेश को स्टेज पर गले लगाया और पीठ थपथपाई।

            पीएम मोदी ने केरल के पहले बीजेपी मेयर वीवी राजेश को स्टेज पर गले लगाया और पीठ थपथपाई।

            अहमदाबाद से गुजरात जीता

            गुजरात राज्य का गठन 1 मई 1960 को हुआ। पहला विधानसभा चुनाव 1962 में हुआ। 35 साल (1960–1995) तक कांग्रेस की सरकार रही। इस दौरान भाजपा राज्य में बड़ी जीत की तलाश में थी। टर्निंग पॉइंट 1987 में अहमदाबाद नगर निगम में जीत से मिला। 1990 में भाजपा ने संयुक्त सरकार (जनता दल + BJP) बनाई। भाजपा ने पांच साल बाद 1995 में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई। तब से लगातार सत्ता में हैं।

            तिरुवनंतपुरम से केरल में एंट्री की बात कही

            पिछले साल 9 दिसंबर को केरल नगर निगम चुनाव के रिजल्ट आए थे। भाजपा ने पहली बार तिरुवनंतपुरम नगर निगम के 101 वार्डों में से 50 में जीत दर्ज की। यहां पिछले 45 साल से वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) का कब्जा था। LDF ने 29 और कांग्रेस गठबंधन (UDF) ने 19 वार्ड जीते थे। केरल के इतिहास में भाजपा का पहली बार मेयर बना। तिरुवनंतपुरम कांग्रेस सांसद शशि थरूर का गढ़ है। गुजरात वाली बात दोहराकर मोदी केरल में एंट्री की बात कह रहे हैं।

            केरल: इकलौता राज्य जहां लेफ्ट सत्ता में

            केरल देश का इकलौता राज्य है, जहां अभी भी लेफ्ट सत्ता में है। यहां सत्ता बदलने की परंपरा रही है, लेकिन 2021 में वाम मोर्चा (LDF) ने इस ट्रेंड को तोड़ते हुए लगातार दूसरी बार सरकार बनाई। कांग्रेस गठबंधन की कोशिश इस बार एंटी इनकम्बेंसी को कैश करानी की रहेगी।

            वहीं, BJP अब तक केरल में एक भी विधानसभा सीट नहीं जीत पाई है। पिछले लोकसभा चुनाव में यहां उसने त्रिशूर लोकसभा सीट जीती थी। इसके अलावा दिसंबर 2025 में भी BJP ने पहली बार त्रिवेंद्रम (तिरुवनंतपुरम) नगर निगम का चुनाव जीता।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories