नागरिकों को एक ही स्थान पर मिलेंगी विभिन्न शासकीय सेवाएं और योजनाओं की जानकारी
विभागीय स्टॉलों में आवेदन और समस्याओं का होगा निराकरण
रायपुर (BCC NEWS 24): सेवा संकल्प अभियान के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में “सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में 1 से 7 अक्टूबर 2026 तक जिले के विभिन्न ग्रामों और नगरीय क्षेत्रों में 13 शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न शासकीय सेवाओं को नागरिकों के घर-द्वार के नजदीक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं, आवेदनों और मांगों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को शासकीय कार्यालयों तक बार-बार जाने की आवश्यकता को कम करते हुए उन्हें स्थानीय स्तर पर ही विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना है। शिविर स्थल पर संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहेंगे और नागरिकों को योजनाओं की जानकारी, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज तथा आवेदन प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन देंगे।
एक ही परिसर में मिलेंगी कई विभागों की सेवाएं
“सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” के अंतर्गत आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे। नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभाग के स्टॉल पर पहुंचकर योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। पात्र हितग्राहियों से मौके पर आवेदन भी प्राप्त किए जाएंगे तथा संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
शिविरों में प्राप्त होने वाले आवेदनों एवं जनसमस्याओं को संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा। इससे नागरिकों को स्थानीय स्तर पर अपनी समस्याएं रखने और उनके निराकरण की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिलेगा।
13 स्थानों पर लगेंगे शिविर
जिले में आयोजित होने वाले शिविरों का संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। इसके अनुसार 1 अक्टूबर को ग्राम बस्ती स्थित पूर्व माध्यमिक शाला परिसर, गौरेला विकासखंड तथा सद्भावना भवन मरवाही में शिविर आयोजित होगा।
3 अक्टूबर को सांस्कृतिक भवन मंगली बाजार गौरेला तथा ग्राम कटरा के हाई स्कूल परिसर में शिविर लगाया जाएगा। 4 अक्टूबर को नगर पालिका परिषद पेंड्रा के पेंड्रा असेंबली हॉल में शिविर आयोजित किया जाएगा।
5 अक्टूबर को गौरेला विकासखंड के ग्राम देवरगांव-बालक छात्रावास बिट्टाटोला, पेंड्रा विकासखंड के ग्राम आमाडांड हाई स्कूल के पास तथा मरवाही विकासखंड के ग्राम बंशीताल हाई सेकेंडरी स्कूल में शिविर आयोजित होंगे।
6 अक्टूबर को ग्राम कोटमीकला एवं ग्राम गुदुमदेवरी में शिविर लगाए जाएंगे। वहीं 7 अक्टूबर को मरवाही विकासखंड के ग्राम निमधा धान खरीदी केंद्र, गौरेला विकासखंड के ग्राम अंधियारखोह प्राथमिक शाला परिसर तथा पेंड्रा विकासखंड के ग्राम नवागांव पंचायत भवन के पास शिविर आयोजित किए जाएंगे।
नागरिकों से अधिकाधिक लाभ लेने की अपील
जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले “सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” शिविर में पहुंचकर शासन की योजनाओं एवं शासकीय सेवाओं की जानकारी प्राप्त करें और अपनी पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन करें। नागरिक अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
विभागीय अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
शिविरों के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों को निर्धारित तिथि एवं स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि शिविर में आने वाले नागरिकों को योजनाओं एवं सेवाओं की स्पष्ट जानकारी मिले तथा प्राप्त आवेदनों और जनसमस्याओं पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। विकासखंड स्तर पर नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों के समन्वय से शिविरों में विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे शिविरों का संचालन व्यवस्थित रूप से करने और नागरिकों को अधिकाधिक सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
सरकार और नागरिकों के बीच मजबूत होगा सेवा का सेतु
“सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” का उद्देश्य शासन और नागरिकों के बीच सेवा एवं संवाद का प्रभावी माध्यम तैयार करना है। गांव और नगरीय क्षेत्रों में आयोजित होने वाले इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन स्थानीय स्तर पर नागरिकों तक पहुंचेगा। योजनाओं की जानकारी से लेकर आवेदन प्राप्त करने और पात्र मामलों में कार्रवाई तक की प्रक्रिया को सुगम बनाने का प्रयास किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह पहल नागरिकों को शासकीय सेवाओं से जोड़ने और जनसमस्याओं के समाधान को स्थानीय स्तर पर गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

(Bureau Chief, Korba)







