’‘मोर मकान-मोर आस’ परियोजना के अंतर्गत पारदर्शी प्रक्रिया से हुआ आवंटन’
रायपुर (BCC NEWS 24): प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत नगर पालिक निगम अंबिकापुर द्वारा सुभाषनगर स्थित ‘‘मोर मकान-मोर आस’’ परियोजना में 236 पात्र हितग्राहियों को लॉटरी पद्धति से आवासों का आवंटन किया गया। यह प्रक्रिया माता राजमोहिनी भवन में पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।
नगर निगम आयुक्त श्री डी.एन. कश्यप के मार्गदर्शन में आयोजित इस आवंटन प्रक्रिया में पात्र हितग्राहियों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत शासन से स्वीकृत कुल 493 आवासों के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच और भौतिक सत्यापन के बाद पात्र हितग्राहियों को आवास आवंटित किए जा रहे हैं। अंतिम चरण में शेष 236 आवासों का आवंटन किया गया, जबकि अन्य आवासों का आवंटन पूर्व में ही किया जा चुका है।
आवास आवंटन कार्यक्रम के दौरान सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी, नोडल अधिकारी श्री राजेश राम, सहायक अभियंता श्री दुष्यंत बजाज, सहायक नोडल अधिकारी श्री प्रेमप्रकाश दुबे, सीएलटीसी सुश्री जगदम्बा त्रिवेदी, श्री अनिकेत गोस्वामी, श्री उत्कर्ष पाण्डे, कार्यालय अधीक्षक श्री दीपक वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे। इस अवसर पर हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से अपने पक्के घर का सपना साकार होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

(Bureau Chief, Korba)




