रायपुर : रक्षाबंधन से पहले 30वीं किस्त ने बढ़ाई खुशियां, संतोषी श्रीवास ने जताया विष्णु भैया का आभार

            रायपुर (BCC NEWS 24): रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त की राशि मिलने से महिलाओं में खुशी का माहौल है। नियमित रूप से मिलने वाली आर्थिक सहायता से महिलाओं को घर-गृहस्थी की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ त्योहारों की तैयारियों में भी सहयोग मिल रहा है। योजना महिलाओं के लिए आर्थिक संबल के साथ आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का आधार बन रही है।

            मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के विकासखंड मोहला निवासी श्रीमती संतोषी श्रीवास ने महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त की राशि प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को स्नेहपूर्वक कहा कि रक्षाबंधन से ठीक पहले ‘विष्णु भैया’ के द्वारा राशि मिलने से त्योहार की खुशियां और बढ़ गई हैं। श्रीमती संतोषी श्रीवास ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली राशि से उन्हें परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में काफी मदद मिलती है। घर के छोटे-बड़े खर्च, बच्चों की जरूरतों और त्योहार की तैयारियों में यह राशि उपयोगी साबित हो रही है।

            रक्षाबंधन के अवसर पर 30वीं किस्त मिलने को श्रीमती श्रीवास ने खास बताया। उन्होंने कहा कि इस राशि से वे राखी सहित त्योहार की जरूरी तैयारियां कर पा रही हैं। भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के इस खास अवसर पर महतारी वंदन योजना की राशि उनके लिए आर्थिक मदद के साथ खुशी का माध्यम भी बनी है। उन्होंने कहा कि पहले अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी परिवार के बजट पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब योजना के तहत मिलने वाली राशि से वे अपने स्तर पर कई जरूरी खर्च पूरे कर लेती हैं। इससे उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर महसूस करने के साथ परिवार की जरूरतों में सहयोग करने का अवसर भी मिलता है।

            श्रीमती संतोषी श्रीवास ने कहा कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे उनके आत्मविश्वास में बढ़ोतरी हुई है। यह राशि महिलाओं को अपने परिवार की जरूरतों में भागीदारी निभाने और जरूरी खर्चों को पूरा करने में सहयोग दे रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘विष्णु भैया’ द्वारा बहनों के हित में संचालित महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त रक्षाबंधन के अवसर पर खुशियों का उपहार लेकर आई है।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories