रायपुर : सेवा की कहानी : आगे बढ़ने की चाहत में तीन तीन व्यवसाय संचालित कर रही हैं बिन्दो साहू

            टेंट हाउस के साथ किराना और कपड़े का व्यवसाय सम्हाल रही लखपति दीदी

            रायपुर (BCC NEWS 24): कोरिया जिले के लोग मेहनती होते हैं और उन्हें ही अवसर प्राप्त होते हैं। ऐसी ही एक सफलता की नायक श्रीमती बिन्दो साहू ने परिवार को आर्थिक मजबूती देने के लिए बिहान का साथ लिया और अब ऐसे आगे बढ़ रही हैं मानों कभी रूकी ना हों। कोरिया जिले के ग्राम पंचायत सलबा में रहने वाली श्रीमती बिन्दो साहू अब एक साथ तीन तीन व्यवसाय का परिवार की मदद से संचालन करते हुए एक सफल उद्यमी महिला बन गई हैं। श्रीमती बिन्दो साहू ने बिहान के माध्यम से स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। जय शिव शक्ति महिला स्व-सहायता समूह से जुड़कर उन्होंने टेंट हाउस, किराना एवं कपड़ा दुकान संचालन जैसी व्यावसायिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी आजीविका को सशक्त बनाया है।

            एक शुरूआत फिर तरक्की की राह

            श्रीमती बिन्दो साहू ने अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने एवं आय के स्थायी साधन विकसित करने के उद्देश्य से स्व-सहायता समूह के माध्यम से दो लाख रूपए का ऋण प्राप्त किया। इस वित्तीय  सहयोग से उन्होंने टेंट हाउस का काम शुरू किया और अपने परिवार के पुराने किराना-कपड़ा दुकान से संबंधित व्यवसाय को आगे बढ़ाया। एक ही व्यवसाय पर निर्भर रहने के बजाय उन्होंने आजीविका के विभिन्न साधनों को अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में प्रयास किया। टेंट हाउस व्यवसाय के माध्यम से विवाह, सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों में उपयोग होने वाली सामग्री एवं सेवाओं से आय अर्जित करने के अवसर विकसित हुए। वहीं किराना एवं कपड़ा दुकान के संचालन से स्थानीय ग्रामीण परिवारों की दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ नियमित व्यवसाय का आधार तैयार हुआ।

            प्रति माह अच्छी आय

            अपनी मेहनत, लगन, व्यावसायिक समझ एवं स्व-सहायता समूह के सहयोग से श्रीमती बिन्दो साहू आज प्रतिमाह बीस से तीस हजार रूपए आसानी से अर्जित कर रही हैं। अब उनकी वार्षिक आय तीन लाख रूपए तक हो गई है। विभिन्न आजीविका गतिविधियों के संचालन से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है तथा परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति में उनका आर्थिक योगदान बढ़ा है।

            सफल सामाजिक पहचान

            आज श्रीमती बिन्दो साहू अपने गांव के अलावा आस पास के क्षेत्रों में एक सफल लखपति दीदी के रूप में अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन रही हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर परिश्रम एवं समूह के सहयोग से महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories