समय पर खाद और बीज की व्यवस्था से खेती के काम में मिली सुविधा
रायपुर (BCC NEWS 24): सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना भी किसानों को खेती के जरूरी समय में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण पहल है। इस सहायता से किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने में मदद मिल रही है।
ग्राम बड़गांव निवासी किसान श्री राम गरीब सिंह के लिए खेती परिवार की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। खेती के दौरान बुआई के समय खाद और बीज की व्यवस्था करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहता था। आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण समय पर कृषि सामग्री जुटाना कठिन होता था प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिलने के बाद श्री राम गरीब सिंह को हर चार महीने में 2,000 रुपये की किस्त, यानी सालाना 6,000 रुपये सीधे बैंक खाते में प्राप्त होने लगी। उन्होंने इस राशि का उपयोग खेती के लिए आवश्यक खाद और बीज की व्यवस्था में किया।
श्री राम गरीब सिंह बताते हैं कि सम्मान निधि की राशि समय पर मिलने से उन्हें खेती के जरूरी खर्चों की व्यवस्था करने में सहूलियत हुई है। खाद और बीज की उपलब्धता समय पर होने से कृषि कार्यों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने में मदद मिली। उनके अनुसार किसान के लिए खेती के सही समय पर मिलने वाली छोटी-सी आर्थिक मदद भी महत्वपूर्ण होती है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से प्राप्त सहायता ने उन्हें कृषि कार्यों की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग दिया है। सेवा संकल्प अभियान की भावना के अनुरूप शासन की योजनाओं का लाभ जब जरूरत के समय किसान तक पहुंचता है, तो यह सेवा और सुशासन की सार्थकता को दर्शाता है। श्री राम गरीब सिंह ने किसान हित में संचालित इस योजना के लिए प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया।

(Bureau Chief, Korba)







