रायपुर (BCC NEWS 24): छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना जरूरतमंद महिलाओं के जीवन में आर्थिक सहयोग का माध्यम बन रही है। कोरिया जिले के ग्राम ओड़गी निवासी श्रीमती सुषमा राजवाड़े इस योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग अपनी बेटी के भविष्य को सुरक्षित बनाने में कर रही हैं। वे हर माह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि अपनी बेटी के नाम सुकन्या समृद्धि खाते में जमा कर रही हैं।
सुषमा राजवाड़े कहती हैं कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बढ़ती महंगाई और लगातार बढ़ती जरूरतों के बीच परिवार का खर्च चलाना आसान नहीं है। कई बार जितनी कमाई होती है, वह जरूरतों को पूरा करने के लिए कम पड़ जाती है। ऐसे में महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है।
वे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि सरकार ने हम जैसी जरूरतमंद महिलाओं और परिवारों की चिंता की है। हर माह मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि से आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। साथ ही, अपनी बेटी के नाम सुकन्या समृद्धि खाते में राशि जमा कर वे उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए बचत भी कर पा रही हैं।
सुषमा राजवाड़े के लिए महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अपनी बेटी के सपनों को साकार करने और उसके भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सहारा है।

(Bureau Chief, Korba)







