रायपुर : सेवा की कहानी : प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से योगेश्वरी को मिला आर्थिक संबल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की देखभाल में मिली मदद

        गर्भवती एवं धात्री माताओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण को बढ़ावा देने की पहल

        रायपुर (BCC NEWS 24): प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को निर्धारित शर्तों के अनुसार आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में उपलब्ध कराई जाती है। इससे गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को आवश्यक देखभाल और पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहयोग मिलता है।

        कोंडागांव जिले की ग्राम पंचायत गोलावंड निवासी श्रीमती योगेश्वरी बघेल के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना आर्थिक सहायता का माध्यम बनी है। योजना के अंतर्गत उन्हें पहली किस्त के रूप में 03 हजार रुपये तथा दूसरी किश्त के रूप में 02 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई है। इस प्रकार उन्हें कुल 05 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली है।

        हितग्राही श्रीमती योगेश्वरी बताती हैं कि योजना से प्राप्त राशि उनके परिवार के लिए उपयोगी साबित हुई है। इस आर्थिक सहायता से उन्हें बच्चों की आवश्यकताओं को पूरा करने तथा उनके स्वास्थ्य और देखभाल पर ध्यान देने में मदद मिली है। आर्थिक सहयोग मिलने से परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने में भी उन्हें राहत मिली है।

        उन्होंने योजना के माध्यम से मिली सहायता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की ऐसी योजनाएं महिलाओं को आर्थिक सहयोग प्रदान करने के साथ ही गर्भावस्था और मातृत्व के दौरान उनकी जरूरतों को पूरा करने में सहायक होती हैं।

        प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को पहली संतान के लिए दो किस्तों में कुल 05 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। वहीं, पात्र महिला को दूसरी संतान के रूप में बालिका होने पर निर्धारित शर्तों के अनुसार 06 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार, बेहतर पोषण को प्रोत्साहन तथा गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करना है।



                Hot this week

                रायपुर : मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्य जल संसाधन उपयोग समिति की बैठक सम्पन्न

                औद्योगिक जल आबंटन की समीक्षा, पेयजल आपूर्ति को सर्वोच्च...

                Related Articles

                Popular Categories