रायपुर : ब्लड सेंटर में गंभीर अनियमितताओं पर कार्रवाई, प्रभारी एमएलटी निलंबित

              एक्सपायर्ड ब्लड बैग और रिकॉर्ड में गड़बड़ी के मामले में कलेक्टर ने लिया सख्त निर्णय

              रायपुर (BCC NEWS 24): जिला चिकित्सालय जशपुर के ब्लड सेंटर में पाई गई गंभीर अनियमितताओं और लापरवाही के मामले में कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने प्रभारी मेडिकल लैब टेक्नीशियन (एमएलटी) श्री पुरूषोत्तम कुंवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जांच के दौरान यह पाया गया कि एक्सपायर्ड ब्लड बैग को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार डिस्कार्ड नहीं किया गया। साथ ही ब्लड बैग के गायब होने की जानकारी समय पर वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी गई तथा दस्तावेजों और साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ किए जाने के तथ्य भी सामने आए। ब्लड सेंटर के संचालन में निर्धारित नियमों और प्रोफेशनल एथिक्स का पालन नहीं करने तथा दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप भी जांच में सही पाए गए। मामले में जारी कारण बताओ नोटिस के जवाब को असंतोषजनक पाए जाने के बाद कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया।

              कलेक्टर ने अपने आदेश में उल्लेख किया है कि संबंधित कर्मचारी की कार्यशैली के कारण मरीजों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका थी। इससे जिला चिकित्सालय और प्रशासन की छवि भी प्रभावित हुई है। इसे गंभीर कदाचार, अनुशासनहीनता और पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही मानते हुए यह कार्रवाई की गई है निलंबन अवधि के दौरान श्री पुरूषोत्तम कुंवर का मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसाबहार निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories