- 146 हेक्टेयर भूमि पर मिलेगी सिंचाई सुविधा
रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन, जल संसाधन विभाग द्वारा जशपुर जिले के विकासखंड फरसाबहार की अकिरा तालाब योजना के मरम्मत एवं जीर्णाेद्धार कार्य के लिए दो करोड़ पचपन लाख अठासी हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना के पूर्ण होने पर 121 हेक्टेयर की प्रस्तावित सिंचाई क्षमता में कमी की पूर्ति करते हुए अतिरिक्त 25 हेक्टेयर क्षेत्र में भी सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। इस प्रकार कुल 146 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुनिश्चित होगी, जिससे क्षेत्र के कृषकों को सीधा लाभ मिलेगा। योजना हेतु व्यय का प्रावधान अनुसूचित जनजाति उपयोजना, लेखा शीर्ष 4702 (लघु सिंचाई पर पूंजी परिव्यय) अंतर्गत किया गया है।
निर्माण कार्य स्वीकृत राशि एवं समयावधि में ही पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किया गया है। कार्य प्रारंभ करने से पूर्व ड्रॉइंग, डिज़ाइन एवं तकनीकी स्वीकृति सक्षम अधिकारी से प्राप्त करना अनिवार्य होगा। साथ ही निविदा प्रक्रिया पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धात्मक रूप से की जाएगी तथा कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। भू-अर्जन की स्थिति में व्यय स्वीकृत राशि की सीमा के अंतर्गत ही किया जाएगा तथा अन्य किसी भी मद से राशि का उपयोग बिना पूर्व स्वीकृति नहीं किया जाएगा। कार्य केवल शासकीय अथवा विधिवत अर्जित भूमि पर ही कराया जाएगा।
निर्माण कार्य में वित्तीय अनुशासन का पालन किया जाएगा और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अनुबंधानुसार कार्य को समय पर पूरा करना सुनिश्चित किया गया है और विलंब की स्थिति में अर्थदंड सहित समयवृद्धि दी जाएगी।

(Bureau Chief, Korba)




