रायपुर : पीडीएस के तहत माह दिसम्बर के लिए 1056 किलोलीटर केरोसिन का आबंटन

        रायपुर: छत्तीसगढ़ खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा राज्य के गैर अनुसूचित क्षेत्रों के गैस कनेक्शनधारी राशनकार्डों में भी पीडीएस के तहत केरोसिन प्रदाय करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए छत्तीसगढ़ को 1056 किलोलीटर केरोसिन का आबंटन किया गया है। जिसे उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से हितग्राहियों को वितरित किया जाएगा। इस आशय का पत्र इन्द्रावती भवन स्थित खाद्य विभाग द्वारा प्रदेश के सभी कलेक्टरों एवं राज्य स्तरीय समन्वयक ऑयल उद्योग रायपुर को जारी कर दिया गया है।

        पत्र में कहा गया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत प्रचलित समस्त अंत्योदय एवं प्राथमिकता राशनकार्डों को पात्रता होगी। नगरीय क्षेत्रों के राशनकार्डधारियों के लिए एक लीटर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में अनुसूचित क्षेत्र तथा गैर अनुसूचित क्षेत्रों के राशनकार्डधारियों को अधिकतम दो लीटर केरोसिन प्रदान किया जाएगा। माह दिसम्बर 2024 के लिए आबंटित केरोसिन का उठाव 31 दिसम्बर तक करने को कहा गया है।

        राज्य में माह दिसम्बर के लिए जिलेवार केरोसिन आबंटन की मात्रा इस प्रकार है – बस्तर, कांकेर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, मुंगेली, रायगढ़, बेमेतरा, कवर्धा, धमतरी और सक्ती जिले के लिए 36-36 किलोलीटर केरोसिन का आबंटन किया गया है। इसी प्रकार दुर्ग, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लिए 48-48 किलोलीटर, बिलासपुर, रायपुर के लिए 60-60 किलोलीटर, कोण्डागांव, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, बलरामपुर और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के लिए 24-24 किलोलीटर केरोसिन का आबंटन किया गया है। इसी प्रकार बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सुकमा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, कोरिया, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के लिए 12-12 किलोलीटर केरोसिन का आबंटन जारी किया गया है।



                Hot this week

                Related Articles

                Popular Categories