रायपुर : अब तक 241.7 मिमी औसत वर्षा दर्ज, सामान्य के बेहद करीब पहुँचा आंकड़ा

            ​रायपुर (BCC NEWS 24): छत्तीसगढ़ में इस साल मानसून अपनी सही लय में आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार 1 जून से लेकर आज तक की स्थिति में प्रदेश में कुल 241.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। यह आंकड़ा पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा (252.7 मिमी) का 95.6 प्रतिशत है, जो यह दर्शाता है कि राज्य में मानसून की स्थिति पूरी तरह सामान्य और संतोषजनक बनी हुई है।

            बलरामपुर और कोरबा में जमकर बरसे बदरा

            दिनांक 6 जुलाई तक राज्य में औसतन 22.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। चौबीस घंटों के भीतर सबसे ज्यादा वर्षा बलरामपुर में 67.6 मिमी, कोरबा में 54.9 मिमी, रायपुर में 45.3 मिमी और सूरजपुर में 42.8 मिमी दर्ज की गई। इसके विपरीत, बस्तर संभाग के सुकमा (0.4 मिमी) और दंतेवाड़ा (0.8 मिमी) में आज कम बारिश हुई।

            ​सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से दोगुनी बारिश, सुकमा अभी भी पीछे

            सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला 213.3% वर्षा के साथ पूरे प्रदेश में सबसे आगे है, जहाँ अब तक 453.3 मिमी बारिश हो चुकी है। इसके अलावा राजधानी रायपुर (136.9%), सक्ती (134.7%), दंतेवाड़ा (129.2%), दुर्ग (126.6%) और बलरामपुर (126.3%) में भी सामान्य से काफी अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसी तरह बिलासपुर में 86.1%, जांजगीर-चांपा में 101%, बेमेतरा में 93.2% और नारायणपुर में 91.8% सहित कई जिले में वर्षा संतोषजनक बने हुए हैं। सुकमा जिला  55.4% वर्षा के साथ इस सूची में सबसे पीछे है। इसके साथ ही मोहला-मानपुर (63.3%), गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (64.3%) और सरगुजा (67.5%) में फिलहाल बारिश सामान्य से थोड़ी कम है।

            ​खेती-किसानी को मिली गति, बाढ़ नियंत्रण कक्ष अलर्ट पर

            राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के प्रभारी अधिकारी के अनुसार, प्रदेश भर में बारिश की स्थिति और नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वर्तमान में हो रही यह बारिश राज्य के किसानों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है, जिससे खरीफ फसलों की बुआई और रोपाई के कार्यों ने तेजी पकड़ ली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है।


                          Hot this week

                          रायपुर : राज्यपाल डेका ने दी विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं

                          रायपुर (BCC NEWS 24): राज्यपाल श्री रमेन डेका ने...

                          Related Articles

                          Popular Categories