रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर के पूर्व सांसद बलिराम कश्यप को उनकी पुण्य तिथि पर किया याद…

              रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बस्तर के पूर्व सांसद स्वर्गीय श्री बलिराम कश्यप को उनकी पुण्य तिथि पर याद करते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय श्री कश्यप के व्यक्तित्व और कार्यों को याद करते हुए उन्हें व्यापक जनाधार वाला नेता बताया है। उन्होंने कहा कि अपनी लोकप्रियता और बस्तर के लोगों से गहरे जुड़ाव के चलते स्वर्गीय श्री बलिराम कश्यप को निर्वाचित जनप्रतिनिधि के रूप में मध्यप्रदेश विधानसभा और भारत की लोकसभा में लंबे समय तक बस्तर का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। उन्होंने तत्कालीन मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री तथा संसद में विभिन्न समितियों के सदस्य के तौर पर भी बस्तर और राज्य के लोगों की सेवा की है।

              मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वर्गीय श्री बलिराम कश्यप का पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि अपने 40 वर्षों से भी अधिक के सार्वजनिक जीवन में उन्होंने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। वे बड़ी प्रखरता से विधानसभा और लोकसभा में बस्तर की आवाज बुलंद करते थे। उन्होंने जीवन भर बस्तर में विकास, शांति और आदिवासियों के कल्याण का स्वप्न देखा। उन्होंने विधायक, सांसद और मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री के रूप में अपने इन सपनों को मूर्त रुप देने की भरपूर कोशिश की। वे सही मायनों में बस्तर के जननायक थे। उल्लेखनीय है कि बस्तर के चार बार सांसद रहे स्वर्गीय श्री बलिराम कश्यप का जन्म 11 मार्च 1936 को हुआ था। उनका 74 वर्ष की उम्र में 10 मार्च 2011 को निधन हुआ था।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories