रायपुर : पूर्णता की ओर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण, 27 गांवों तक पहुंचेगा शुद्ध पेयजल

            रायपुर (BCC NEWS 24): जल जीवन मिशन के अंतर्गत 27 गांवों में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति के लिए तैयार हो रहे कनेरी मल्टी-विलेज जल प्रदाय योजना के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का काम अब अंतिम चरण में है। बालोद की कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने गुरूर विकासखंड के ग्राम धनोरा में निर्माणाधीन इस वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यों का निरीक्षण कर जल्द काम पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कनेरी मल्टी-विलेज जल प्रदाय योजना के सभी सेगमेंटों का काम तेजी से पूर्ण कर जल की आपूर्ति शुरू करने को कहा।

            कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कनेरी समूह जल प्रदाय योजना के तहत निर्माणाधीन अत्याधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (जल शोधन संयंत्र) का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान प्लांट के रॉ-वॉटर इनटेक, सेडीमेंटेशन, फिल्ट्रेशन और क्लोरीनेशन यूनिट का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से संयंत्र की शोधन क्षमता, तकनीकी बारीकियों और जल गुणवत्ता की जांच की व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।

            उन्होंने कहा कि कनेरी समूह जल प्रदाय योजना से ग्रामीणों को मिलने वाला पानी पूरी तरह शुद्ध और मानकों के अनुरूप होना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संयंत्र के शेष तकनीकी और फिनिशिंग के कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा कर जल्द पेयजल की आपूर्ति शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि जल्द से जल्द लोगों को योजना का लाभ मिल सके। 

            लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कनेरी समूह जल प्रदाय योजना से क्षेत्र के 27 गांवों में घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से नियमित और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इसके शुरू होने से गर्मी के दिनों में होने वाली पानी की किल्लत से ग्रामीणों को हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। विशेषकर महिलाओं को पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories