रायपुर : मूक-बधिर निराश्रित महिला को सुरक्षित परिवार से मिलाया

            पुलिस, सखी वन स्टॉप सेंटर, समाज कल्याण विभाग और सोशल मीडिया का समन्वित प्रयास

            अकलतरा निवासी महिला अपने परिजनों तक सकुशल पहुंची

            रायपुर (BCC NEWS 24): मानवीय संवेदनशीलता, त्वरित कार्यवाही और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से एक मूक-बधिर निराश्रित महिला को उसके परिवार से मिलाने में सफलता मिली। यह सराहनीय पहल सखी वन स्टॉप सेंटर, पुलिस, समाज कल्याण विभाग और सामाजिक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बन गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती संजुला शर्मा ने बताया कि सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा देर रात एक अज्ञात मूक-बधिर महिला को सुरक्षित संरक्षण के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर लाया गया। महिला बोलने और सुनने में असमर्थ थी, जिससे उसकी पहचान और घर का पता लगाना चुनौतीपूर्ण था। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने केवल इशारों के माध्यम से बस से आने की जानकारी दी। महिला के पास मिले बैंक के ग्रीन कार्ड से महत्वपूर्ण सुराग मिला, जिसके आधार पर संबंधित बैंक से संपर्क कर यह जानकारी प्राप्त हुई कि महिला अकलतरा क्षेत्र की निवासी हो सकती है। इसके साथ ही सोशल मीडिया, विभिन्न व्हाट्सएप समूहों तथा समाज कल्याण विभाग की सहायता से महिला की पहचान के प्रयास लगातार जारी रखे गए।

            मूक-बधिर शिक्षक की मदद भी ली गई, लेकिन भाषा संबंधी कठिनाइयों के कारण तत्काल सफलता नहीं मिल सकी। लगातार प्रयासों के दौरान भाटापारा के सिंधी समाज एवं अन्य सामाजिक माध्यमों से महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई। अंततः अकलतरा स्थित एक चॉइस सेंटर से पुष्टि हुई कि महिला वहां नियमित रूप से बैंक संबंधी कार्य के लिए आती थी। इस महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर महिला की पहचान सुनिश्चित की गई और उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया। सखी वन स्टॉप सेंटर की टीम ने पूरी संवेदनशीलता और सुरक्षा के साथ महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द किया। लंबे समय से बिछड़े परिवार से पुनर्मिलन के भावुक क्षण सभी के लिए संतोष और खुशी का कारण बने।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories