सहारा मिला तो आसान हुई राह, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े गौतम
रायपुर (BCC NEWS 24): शासन की कल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंदों के जीवन में सुविधा के साथ आत्मनिर्भरता की नई राह भी तैयार कर रही हैं। सूरजपुर के संजयनगर, अजबनगर निवासी बचपन से दिव्यांग श्री गौतम सिल को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल मिलने से अब उनके दैनिक जीवन में आवागमन आसान होगा। साथ ही वे रोजगार के छोटे अवसरों से जुड़कर अपनी आजीविका को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। दैनिक आवागमन में हो रही परेशानी को लेकर श्री गौतम ने कलेक्टर श्रीमती रेना जमील से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई थी। उनकी आवश्यकता को देखते हुए कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को शासन की योजना के तहत आवश्यक कार्यवाही कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
निर्देशों के पालन में समाज कल्याण विभाग द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण की गई। इसके बाद कलेक्टर जनदर्शन के दौरान कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने श्री गौतम को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्रदान की। ट्राई साइकिल मिलने पर गौतम के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। उन्होंने कहा कि अब आने-जाने में काफी सहूलियत होगी। वे छोटे-मोटे रोजगार से जुड़कर अपनी आजीविका को बेहतर बनाने का प्रयास कर सकेंगे। उन्होंने इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

(Bureau Chief, Korba)






