रायपुर : प्रधानमंत्री आवास से मिला सपनों का घर, कच्चे मकान से पक्के आशियाने में पहुंचा परिवार

        रायपुर (BCC NEWS 24): प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 ने जरूरतमंद परिवारों के पक्के मकान के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अंतर्गत संचालित योजना का लाभ बेमेतरा जिले के देवकर नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-11 के श्री सुखदेव साहू को मिला है। कभी छप्परयुक्त मिट्टी के कच्चे मकान में रहने वाले श्री सुखदेव साहू का परिवार अब सुविधायुक्त पक्के मकान में सुरक्षित और बेहतर जीवन व्यतीत कर रहा है।

        प्रधानमंत्री आवास से मिला सपनों का घर, कच्चे मकान से पक्के आशियाने में पहुंचा परिवार

        श्री सुखदेव साहू कृषि कार्य से जुड़े हैं। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे स्वयं पक्का मकान बनवा सकें। इसी दौरान नगर पंचायत देवकर द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में मुनादी के माध्यम से लोगों को जानकारी दी गई। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर आवास के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ली और सभी जरूरी दस्तावेज जमा किए। इसके बाद करीब 2 से 4 माह में उनका आवास स्वीकृत हुआ।

        आवास स्वीकृत होने के बाद श्री साहू ने मकान निर्माण का कार्य प्रारंभ किया। योजना के तहत निर्माण की प्रगति और निर्धारित स्तर के अनुसार उन्हें किस्तों में राशि का भुगतान किया गया। आर्थिक सहायता मिलने से आवास निर्माण का कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सका। अब उनका मकान पूर्ण हो चुका है और उनका परिवार सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त पक्के मकान में निवास कर रहा है।

        श्री सुखदेव साहू कहते हैं, “मेरी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि मैं अपने लिए पक्का मकान बना सकूं। नगर पंचायत द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में मुनादी कराई गई, जिसकी जानकारी मिलने पर मैं नगर पंचायत गया। वहां मुझे आवास के लिए आवश्यक दस्तावेजों के बारे में बताया गया। मैंने सभी दस्तावेज जमा किए। लगभग 2 से 4 माह में मेरा आवास स्वीकृत हुआ। इसके बाद मैंने मकान निर्माण प्रारंभ किया और निर्माण के निर्धारित स्तर के अनुसार मुझे किस्तों में राशि प्राप्त हुई। आज मेरा मकान पूर्ण हो चुका है और मेरा परिवार पक्के मकान में निवास कर रहा है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं।”

        प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के माध्यम से श्री सुखदेव साहू जैसे अनेक परिवारों का सपना पूरा हो रहा है। वे कच्चे मकान की परेशानियों से निजात पाकर अब सुरक्षित, सुविधायुक्त और सम्मानजनक आवासों में रह रहे हैं। इस योजना ने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर उनके “अपने पक्के घर” के सपने को साकार किया है। 



                Hot this week

                रायपुर : नुक्कड़ नाटक ने दिया सेवा का संदेश, अम्बेडकर चौक पर जुटे लोग

                ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के तहत कलाकारों ने जनकल्याण...

                Related Articles

                Popular Categories