रायपुर : खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा अम्बिकापुर में कई कास्मेटिक दुकानों की औचक जांच

            • संदेहास्पद नमूनों को जांच के लिए भेजा गया प्रयोगशाला

            रायपुर: राज्य शासन के निर्देशानुसार तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ द्वारा सौंदर्य प्रसाधन सामग्रियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु अम्बिकापुर शहर में जांच-पड़ताल का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए आम नागरिकों को सुरक्षित एवं मानक गुणवत्ता की प्रसाधन सामग्री उपलब्ध कराना है।

            इस अभियान के अंतर्गत औषधि निरीक्षक के नेतृत्व में शहर के प्रमुख कास्मेटिक्स विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डे-टू-डे रिटेल्स (बनारस रोड), नेहा फैशन पार्क (चांदनी चौक), सहेली स्टोर्स (देवीगंज रोड), चावला जनरल स्टोर्स (बाबरा कॉम्प्लेक्स) एवं महामाया श्रृंगार (गुदरी गली) में प्रसाधन सामग्रियों के विक्रय एवं भंडारण की विधिवत जांच की गई।

            निरीक्षण के दौरान संदेहास्पद उत्पादों के नमूने संकलित कर राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा उपभोक्ताओं से यह अपील की गई है कि वे सौंदर्य प्रसाधनों की खरीद के समय उत्पाद की पैकेजिंग, निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि एवं निर्माता की जानकारी की जांच अवश्य करें, ताकि असुरक्षित अथवा नकली उत्पादों के उपयोग से बचा जा सके। प्रशासन द्वारा यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तायुक्त एवं मानक प्रसाधन सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories