रायपुर : दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क कौशल विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर

            समाज कल्याण विभाग द्वारा आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

            कंप्यूटर, इलेक्ट्रिकल, ब्यूटी पार्लर, सिलाई-कटाई सहित विभिन्न ट्रेडों में मिलेगा प्रशिक्षण

            रायपुर (BCC NEWS 24): दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं रोजगारोन्मुख बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित शासकीय आश्रयदत्त कर्मशाला, बिलासपुर में निःशुल्क कौशल विकास एवं स्वरोजगारमुखी व्यवसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। यह प्रशिक्षण 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग युवक-युवतियों के लिए उपलब्ध है। समाज कल्याण विभाग जशपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलासपुर के तिफरा स्थित न्यू हाईटेक बस स्टैंड के पीछे, सब्जी मंडी रोड में संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आवास, भोजन एवं प्रशिक्षण की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जा रही है। प्रशिक्षण के अंतर्गत दिव्यांग छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप विभिन्न व्यवसायिक ट्रेडों में दक्ष बनाया जाएगा। 10वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए कंप्यूटर सॉफ्टवेयर प्रशिक्षण, 8वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए इलेक्ट्रिकल एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण तथा 5वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए पेस्टिंग एवं प्रिंटिंग तथा सिलाई एवं कटाई प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।

            समाज कल्याण विभाग ने इच्छुक दिव्यांगजनों से आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है। प्रवेश के लिए शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, यूनिक आईडी कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट आकार का फोटो एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। विभाग का मानना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम दिव्यांगजनों को कौशल आधारित रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। अधिक जानकारी एवं प्रवेश संबंधी सहायता के लिए इच्छुक अभ्यर्थी शासकीय आश्रयदत्त कर्मशाला, बिलासपुर में सीधे संपर्क कर सकते हैं अथवा मोबाइल नंबर 09826565784 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories