रायपुर : राष्ट्रीय पहचान का सुनहरा अवसर : प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए 31 जुलाई तक करें आवेदन

        5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभाशाली बच्चों से नामांकन आमंत्रित

        रायपुर (BCC NEWS 24): प्रदेश के प्रतिभाशाली, नवाचारी और प्रेरणादायी बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने वाले देश के सर्वाेच्च बाल सम्मान प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने बच्चों, अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक योग्य बच्चों का नामांकन कराने की अपील की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार उन बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने कम उम्र में वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल कर समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया हो। यह प्रतिष्ठित सम्मान भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाता है।

        विभागीय जानकारी के अनुसार 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के पात्र बच्चे 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक बच्चे स्वयं आवेदन करने के साथ-साथ उनके अभिभावक, विद्यालय, सामाजिक संस्थाएं एवं अन्य व्यक्ति भी योग्य बच्चों का नामांकन कर सकते हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रदेश के प्रतिभाशाली बच्चों से इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान का लाभ उठाने का आग्रह करते हुए कहा है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर वे अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचा सकते हैं। सभी आवेदन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन एवं विस्तृत जानकारी के लिए https://awards.gov.in/  पर विजिट किया जा सकता है।



                Hot this week

                Related Articles

                Popular Categories