रायपुर : सुशासन तिहार बना दिव्यांगजनों के लिए उम्मीद की नई राह

            तीन दिव्यांजनों को मिला सहायक उपकरण

            रायपुर (BCC NEWS 24): शासन की जनहितकारी पहल सुशासन तिहार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसी पहल के तहत समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों के आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करते हुए उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए। कोण्डागांव जिले के विकासखंड माकड़ी के ग्राम पंचायत मगेदा निवासी श्री हीरू राम ने सुशासन तिहार के दौरान मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल की मांग करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन प्राप्त होने के बाद समाज कल्याण विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें आवश्यक दस्तावेजों सहित जिला कार्यालय में उपस्थित होने के लिए आमंत्रित किया। प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत उन्हें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई, जिससे अब उनका आवागमन पहले की तुलना में कहीं अधिक सहज और आत्मनिर्भर हुआ है।

            इसी प्रकार ग्राम पंचायत जिराकसा के श्री जगन्नाथ तथा ग्राम पंचायत कुरलूबहार के श्री दयनु राम नेताम को उनकी आवश्यकता के अनुरूप स्मार्ट केन उपलब्ध कराई गई। इन सहायक उपकरणों से उनके दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ी है और स्वतंत्र रूप से आने-जाने में उन्हें काफी मदद मिलेगी। हितग्राहियों ने बताया कि सुशासन तिहार के माध्यम से उनकी समस्या का समाधान हुआ, जिससे उन्हें नई उम्मीद और आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने इस संवेदनशील पहल के लिए छत्तीसगढ़ शासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories