रायपुर : इसी सत्र से शुरू होगी कुनकुरी शासकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई

              ’एनएमसी के सभी मानकों के अनुरूप समय पर पूरी हों अधोसंरचना और मानव संसाधन की तैयारियां: आयुक्त नरेंद्र दुग्गा’

              ’50 एमबीबीएस सीटों के संचालन की तैयारियों की प्रथम स्वशासी समिति की बैठक में हुई विस्तृत समीक्षा’

              रायपुर (BCC NEWS 24): जशपुर जिले में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कुनकुरी में इसी शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस की पढ़ाई प्रारंभ होगी। इस संबंध में सरगुजा संभाग के आयुक्त श्री नरेंद्र दुग्गा की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मेडिकल कॉलेज की प्रथम स्वशासी समिति (प्रबंधकारी सभा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेडिकल कॉलेज के संचालन, अधोसंरचना विकास, मानव संसाधन, वित्तीय प्रबंधन तथा शैक्षणिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर श्री रोहित व्यास, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. एस.पी. कुजूर, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. बी.आर. सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

              बैठक में आयुक्त श्री नरेंद्र दुग्गा ने बताया कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कुनकुरी को 50 एमबीबीएस सीटों के संचालन की अनुमति मिल चुकी है। आगामी काउंसलिंग प्रक्रिया के बाद 50 विद्यार्थियों का प्रवेश होगा और नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल जशपुर बल्कि पूरे सरगुजा संभाग के लिए महत्वपूर्ण है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।

              बैठक में बताया गया कि स्थायी भवन के निर्माण तक मेडिकल कॉलेज का संचालन झरगांव स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज, छात्रावास परिसर, जिला अस्पताल, मातृ एवं शिशु अस्पताल तथा क्रिटिकल केयर यूनिट से किया जाएगा। वहीं स्थायी परिसर के लिए चराईडांड, मयाली और खंडसा ग्राम पंचायतों में भूमि चिन्हांकित एवं आबंटित की जा चुकी है। आयुक्त ने उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग करते हुए आवश्यक निर्माण एवं सुधार कार्य राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के मानकों के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने भी संबंधित विभागों को सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। डीन डॉ. एस.पी. कुजूर ने लेक्चर हॉल, प्रयोगशालाओं, लाइब्रेरी, डिसेक्शन हॉल और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की प्रगति से अवगत कराया।

              आयुक्त श्री दुग्गा ने मेडिकल कॉलेज के सफल संचालन के लिए आवश्यक प्रोफेसर, सहायक प्राध्यापक, रेजिडेंट डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, लिपिकीय कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों एवं सफाई कर्मचारियों की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षकीय पदों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा प्रारंभिक चरण में आवश्यक मानव संसाधन की व्यवस्था प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रवेश प्रक्रिया और शैक्षणिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

              बैठक में स्वशासी समिति के प्रभावी संचालन, वित्तीय अनुशासन एवं स्वशासी निधि के पारदर्शी प्रबंधन पर भी चर्चा की गई। आयुक्त ने लेखा-जोखा, बुक कीपिंग एवं वित्तीय अभिलेखों के नियमित संधारण के निर्देश देते हुए कहा कि संस्थान के सफल संचालन के लिए वित्तीय पारदर्शिता और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है।

              इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज के लिए हॉस्टल, रेजिडेंट डॉक्टरों के आवास, वाहन, बेड, फर्नीचर, प्रयोगशाला सामग्री, शैक्षणिक उपकरण तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी विभागों को आवश्यक सामग्री की खरीदी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने और आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि इसी शैक्षणिक सत्र से शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कुनकुरी में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा का सफल शुभारंभ हो सके।


                              Hot this week

                              रायपुर : जशपुर में धूमधाम से मनाया गया जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव

                              ’नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत, शिक्षा के महत्व का...

                              रायपुर : दो नदियां पार कर ग्रामीणों के बीच पहुंचे कलेक्टर

                              जमीन पर बैठकर सुनीं समस्याएं, 3 दिन में बिजली...

                              Related Articles

                              Popular Categories