कलेक्टर ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
विद्यार्थियों को जल्द मिलेगी आधुनिक आवासीय एवं शैक्षणिक सुविधाएं
रायपुर (BCC NEWS 24): छत्तीसगढ़ के आदिवासी अंचलों में नए और आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास भवनों का निर्माण किया जा रहा है l पीएम जनमन योजना के अंतर्गत बिलासपुर जिले के खोंगसरा स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास के विद्यार्थियों को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए छात्रावास भवन की सौगात मिलेगी। कलेक्टर बिलासपुर श्री संजय अग्रवाल ने निर्माणाधीन 50 सीटर नवीन छात्रावास (प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास) भवन का कार्य 15 अगस्त तक हर हाल में पूर्ण करने संबंधितों को निर्देश दिए हैं। लक्ष्य है कि विद्यार्थियों को नए भवन में स्थानांतरित कर सुरक्षित, सुविधायुक्त और बेहतर आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
सुरक्षा को दी जा रही प्राथमिकता
वर्तमान में छात्रावास में 24 विद्यार्थी निवासरत हैं। निर्माण कार्य पूरा होने तक उन्हें पुराने भवन के सुरक्षित कमरों में रखा गया है और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि नवीन छात्रावास भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार निर्माण कार्य मई-जून तक पूरा होने की संभावना थी, इसलिए पुराने भवन में व्यापक मरम्मत नहीं कराई गई थी। निर्माण अवधि बढ़ने के बावजूद विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास भवन पूर्ण होते ही विद्यार्थियों को नए परिसर में स्थानांतरित किया जाएगा। वहां उन्हें बेहतर आवास, अध्ययन के अनुकूल वातावरण और अन्य आवश्यक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

(Bureau Chief, Korba)



