रायपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना से राजनांदगांव जिले में बदल रही ग्रामीण तस्वीर

            27 हजार से अधिक परिवारों को मिला पक्का घर

            रायपुर (BCC NEWS 24): प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के प्रभावी क्रियान्वयन से राजनांदगांव जिले के ग्रामीण अंचलों में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिल रहा है। आवास विहीन परिवारों का पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है और इससे उनके जीवन स्तर में सुधार आया है।

            प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते दो वर्षों में जिले में कुल 40 हजार 401 आवास स्वीकृत किए गए हैं। योजना का क्रियान्वयन चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है तथा हितग्राहियों को निर्माण हेतु राशि तीन किस्तों में डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जा रही है। अब तक 40 हजार 4 लाभार्थियों को प्रथम किस्त का भुगतान किया जा चुका है, जो कुल स्वीकृत आवासों का 99 प्रतिशत से अधिक है, वहीं 34 हजार 497 हितग्राहियों को द्वितीय किस्त भी प्रदान की जा चुकी है, जो 85 प्रतिशत से अधिक है। उल्लेखनीय है कि बीते दो वर्षों में 27 हजार 188 आवास पूर्ण कराए जा चुके हैं, जो कुल स्वीकृति का 67 प्रतिशत से अधिक है।

            योजना की प्रगति सुनिश्चित करने हेतु जिला एवं जनपद स्तर पर सतत निगरानी की जा रही है। प्रत्येक ग्राम में नोडल अधिकारी नियुक्त कर हितग्राहियों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है तथा निर्माण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए छत ढलाई जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने तथा जल संरक्षण के लिए सोक पिट निर्माण को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस प्रकार योजना न केवल आवास उपलब्ध करा रही है, बल्कि ग्रामीण विकास को भी नई दिशा दे रही है।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories