जन शिकायतों के त्वरित निराकरण और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर रहेगा विशेष जोर
रायपुर (BCC NEWS 24): भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में संचालित सभी आदि सेवा केंद्रों में 13 से 15 अगस्त 2026 तक प्रातः 10 बजे से दोपहर 01 बजे तक जनसुनवाई, जन शिकायत निवारण एवं लाभार्थी संतृप्ति शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर के मार्गदर्शन में शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित करना है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे ने जिले के सभी आदि सेवा केंद्रों में शिविरों का व्यवस्थित एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों से कहा कि विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शिविरों में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि शिविरों में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण, पात्र हितग्राहियों का पंजीयन, आवेदन प्राप्त करने तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता से की जाएगी। साथ ही हितग्राहियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला पंचायत सीईओ ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंडों में संचालित आदि सेवा केंद्रों में आयोजित होने वाले शिविरों के लिए आवश्यक तैयारियां समयपूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि संबंधित विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करते हुए शिविर स्थल पर पेयजल, बैठक, विद्युत, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अपने-अपने अनुभाग क्षेत्र में आयोजित शिविरों का पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण करेंगे। वहीं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संबंधित विभागों से समन्वय कर शिविरों का सुचारू संचालन, दैनिक अनुश्रवण तथा शासन द्वारा निर्धारित पोर्टल पर आवश्यक जानकारी समय-सीमा में अपलोड कराना सुनिश्चित करेंगे।

(Bureau Chief, Korba)



