रायपुर (BCC NEWS 24): खैरागढ़ जिले के वनांचल क्षेत्र साल्हेवारा अंतर्गत ग्राम सरोधी निवासी श्री महावीर पांचे की समस्या का त्वरित निराकरण करते हुए उनकी पुत्री का डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। स्कूल में प्रवेश के लिए ऑनलाइन जन्म प्रमाण पत्र की आवश्यकता होने पर उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से आवेदन किया था। इससे पहले उनकी पुत्री के जन्म के समय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साल्हेवारा द्वारा केवल मैनुअल जन्म प्रमाण पत्र जारी किया गया था, लेकिन वर्तमान में विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं शैक्षणिक संस्थानों में ऑनलाइन सत्यापन योग्य डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र की आवश्यकता होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साल्हेवारा द्वारा अभिलेखों का परीक्षण कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार छात्रा का ऑनलाइन डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर जारी किया गया। इससे परिवार को समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हो गया और छात्रा के स्कूल प्रवेश से जुड़ी प्रक्रिया भी सरलता से पूरी हो सकी।
महावीर पांचे ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी समस्या का शीघ्र समाधान हुआ, जिससे उन्हें कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण में सीएम हेल्पलाइन 1076 एक प्रभावी माध्यम साबित हो रही है। यह पहल शासन की पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितैषी प्रशासनिक व्यवस्था का बेहतर उदाहरण है, जिससे आम लोगों को समयबद्ध सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

(Bureau Chief, Korba)




