​रायपुर : सेवा संकल्प अभियान : 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद के दीये’ से जगमगाएगा सारंगढ़-बिलाईगढ़

            25 गांवों में शत-प्रतिशत दीप प्रज्वलन का लक्ष्य

            ​रायपुर (BCC NEWS 24): प्रदेशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ अवसर पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में जनभागीदारी का एक अनूठा दृश्य देखने को मिलेगा। अभियान की शुरुआत में 17 सितंबर की संध्या 7 बजे जिलेभर में “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने और ‘विकसित भारत @2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से नागरिकों को जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा इसकी व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

            ​जिला प्रशासन ने इस आयोजन को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए जिला से लेकर ग्राम स्तर तक ठोस कार्ययोजना तैयार की है। कार्यक्रम का मुख्य जिला स्तरीय आयोजन सारंगढ़ स्थित ऐतिहासिक खाड़ाबांध तालाब में शाम 6 बजे से शुरू होगा, जहाँ समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता के साथ सामूहिक दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, जिले के 25 चयनित गांवों में प्रत्येक परिवार की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत दीप प्रज्वलन का विशेष लक्ष्य तय किया गया है।

            ​इस अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, रामनामी परिवारों, साहित्यकारों, चिकित्सकों और प्रबुद्धजनों को विशेष रूप से जोड़ा जा रहा है। संबंधित विभागों के मैदानी अधिकारी लगातार बैठकों और सघन जनसंपर्क के माध्यम से आम नागरिकों को 17 सितंबर की शाम अपने घरों में दीया प्रज्वलित करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। महीनेभर चलने वाले इस सेवा संकल्प अभियान के दौरान विविध आयोजनों के माध्यम से शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर हर नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।


                          Hot this week

                          रायपुर : डिजिटल और पेपरलेस विधानसभा की ओर छत्तीसगढ़ का बड़ा कदम

                          राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन  (NeVA) पर दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्नअधिकारियों...

                          Related Articles

                          Popular Categories