रायपुर : जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाएं, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई – कलेक्टर

              रायगढ़ में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में योजनाओं की समीक्षा

              ठेकेदार मेसर्स आदिशक्ति इंटरप्राइजेस के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के निर्देश

              रायपुर (BCC NEWS 24): रायगढ़ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों, पूर्ण हो चुकी योजनाओं तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की गई।

              कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने जल जीवन मिशन को शासन की प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवारों तक सुरक्षित, नियमित एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचाना जल जीवन मिशन का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

              बैठक में समूह नल-जल योजनाओं के लंबित कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने लंबे समय से कार्य बंद रखने तथा योजनाओं की प्रगति में बाधा उत्पन्न करने वाले ठेकेदार ’’मेसर्स आदिशक्ति इंटरप्राइजेस, रायगढ़’’ के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

              जल जीवन मिशन 2.0 सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

              बैठक में जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की अद्यतन प्रगति एवं उनकी जमीनी स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा सीआईआरपी, एसएनए स्पर्श के माध्यम से पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं के भुगतान, फाइनेंशियल रिकॉन्सिलिएशन तथा जिले को हर घर जल जिला बनाने के लिए तैयार की जा रही कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।

              कलेक्टर ने ग्रामवार प्रगति की जानकारी लेते हुए पूर्ण योजनाओं वाले ग्रामों को प्राथमिकता के साथ हर घर जल की श्रेणी में शामिल करने के निर्देश दिए। सोलर आधारित नल-जल प्रदाय योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने, पेयजल स्रोतों के संरक्षण के लिए रिचार्जिंग स्ट्रक्चर निर्माण, जल अर्पण दिवस के आयोजन तथा पीएम गति शक्ति पोर्टल में केएमएल फाइल अपलोड करने की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

              पूर्ण योजनाओं वाले गांवों में हर घर जल सुनिश्चित करना सर्वाेच्च प्राथमिकता

              कलेक्टर ने कहा कि जिन ग्रामों में नल-जल प्रदाय योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, वहां प्रत्येक घर तक जल पहुंचाना सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने ऐसे सभी ग्रामों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने उन ग्रामों की भी जानकारी लेने को कहा जहां नल-जल योजनाओं के संचालन में कम वोल्टेज अथवा विद्युत आपूर्ति की समस्या सामने आ रही है। ऐसे ग्रामों की सूची तैयार कर संबंधित विद्युत विभाग से समन्वय करते हुए समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि योजना पूर्ण होने के बावजूद ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति में परेशानी न हो।

              कलेक्टर ने अधिकारियों को जल जीवन मिशन के प्रत्येक कार्य की नियमित समीक्षा और सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय, नियमित मैदानी निरीक्षण और आवश्यकतानुसार प्रशासनिक कार्रवाई जरूरी है। सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें, ताकि जिले के अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित, नियमित एवं सुचारू नल से पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे, सहायक कलेक्टर श्री गोकुल आर.के., लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यपालन अभियंता श्रीमती प्रतिभा नवरतन, सहायक अभियंता, उप अभियंता सहित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


                              Hot this week

                              रायपुर : सुखलाल का कच्चा आशियाना बना उम्मीद की पक्की नींव

                              पीएम आवास योजना से नारायणपुर के ग्रामीण परिवार को...

                              रायपुर : नवा रायपुर में सजेगी लोक-संस्कृति की महफिल

                              हरेली और गृह प्रवेश के दोहरे उत्सव में जुटेगा...

                              Related Articles

                              Popular Categories