गांव से विद्यालय तक आसान हुआ आना-जाना, ग्रामीणों को भी स्कूल, अस्पताल और जरूरी कामों के लिए मिली सुविधा
रायपुर (BCC NEWS 24): ग्रामीण अंचलों में नियमित आवागमन की सुविधा मिलने से विद्यार्थियों की शिक्षा और आम नागरिकों की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना आसान हो रहा है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा गांवों को स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य आवश्यक सेवाओं से जोड़कर ग्रामीण परिवारों को राहत दे रही है। सूरजपुर जिले के ग्राम छिंदिया की कक्षा 12वीं की छात्रा कुमारी सिम्मी पावले के लिए यह बस सेवा विद्यालय तक पहुंचने का भरोसेमंद माध्यम बनी है।
कन्या शिक्षा परिसर, सूरजपुर में अध्ययनरत कुमारी सिम्मी बताती हैं कि बस सेवा शुरू होने से पहले गांव से नियमित बस नहीं मिलती थी। ऐसे में स्कूल आने-जाने के लिए साधन की चिंता बनी रहती और विद्यालय तक पहुंचना कठिन होता था। अब बस सेवा उपलब्ध होने से उनका सफर अधिक सुविधाजनक हो गया है और पढ़ाई जारी रखने में मदद मिल रही है।
कुमारी सिम्मी के अनुसार, इस सुविधा से केवल विद्यार्थियों को ही नहीं, बल्कि गांव के अन्य लोगों को भी लाभ मिल रहा है। कॉलेज जाने वाले युवाओं, इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने वाले नागरिकों और जरूरी काम से बाहर जाने वाले ग्रामीणों के लिए बस सेवा उपयोगी साबित हो रही है। इससे ग्रामीण परिवारों को आवागमन के लिए उपलब्ध विकल्पों में बढ़ोतरी हुई है।
गांवों तक बस सेवा पहुंचाने की पहल के लिए कुमारी सिम्मी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सेवा से विद्यार्थियों और ग्रामीण परिवारों को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों तक पहुंच को आसान बनाने में योगदान दे रही है।

(Bureau Chief, Korba)







