रायपुर : छत पर उगा सूरज, अब बिजली बिल की चिंता नहीं

            रायपुर (BCC NEWS 24): बिजली के बढ़ते खर्च से राहत और स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ते कदम की मिसाल खैरागढ-छुईखदान-गण्डई जिले के बुंदेली निवासी गौतम जंघेल के घर देखने को मिली है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत उन्होंने घर के छत पर 3 किलोवाट क्षमता के सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाया है। इसके साथ ही उनका घर नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ गया है और अब बिजली बिल की चिंता लगभग समाप्त हो जाएगी।

            सोलर संयंत्र के विद्युत ग्रिड से जुड़ते ही जंघेल परिवार में खुशी का माहौल है। लंबे समय से बिजली के बढ़ते खर्च से परेशान परिवार के लिए यह योजना बड़ी राहत लेकर आई है। अब घर की छत पर स्थापित सौर संयंत्र हर महीने लगभग 360 से 400 यूनिट बिजली का उत्पादन होगा, जिससे बिजली बिल लगभग शून्य के करीब पहुंचने की उम्मीद है।

            गौतम जंघेल बताते हैं कि सौर संयंत्र लगने से केवल आर्थिक बचत ही नहीं होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी उनका परिवार अपनी भागीदारी निभा सकेगा। उनका मानना है कि यह योजना मध्यम और सामान्य आय वाले परिवारों के लिए बेहद उपयोगी है और अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को स्वच्छ, सस्ती और आत्मनिर्भर ऊर्जा उपलब्ध कराना है। योजना के तहत मिलने वाली अनुदान राशि से सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाना आसान हुआ है, जिससे तेजी से लोग इससे जुड़ रहे हैं।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories