रायपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हुआ घर का सपना

          रायपुर (BCC NEWS 24): प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत अनेक जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। राजनांदगांव नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक-3 मोतीपुर की निवासी श्रीमती मधु वर्मा के जीवन में यह योजना आशा और स्थायित्व का आधार बनी है।

          पति के निधन के पश्चात श्रीमती मधु वर्मा पर परिवार की पूरी जिम्मेदारी आ गई। दो बेटियों के पालन-पोषण के लिए वे एक निजी स्कूल में रसोइया के रूप में कार्य कर रही थीं। किराये के मकान में निवास के दौरान आर्थिक तंगी और किराया चुकाने की चिंता उनके जीवन का हिस्सा बनी रही। छुट्टियों के समय आय कम होने से भविष्य को लेकर असुरक्षा बनी रहती थी।

          इसी बीच उनकी बड़ी बेटी सुजाता को एक निजी कंपनी में रिसेप्शनिस्ट के रूप में रोजगार मिला। मां-बेटी ने मिलकर बचत की और एक छोटा भूखंड खरीदा। इसके बाद श्रीमती मधु वर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत आवेदन किया, जिसे शीघ्र ही स्वीकृति प्रदान की गई। स्वीकृति उपरांत वास्तुविद के मार्गदर्शन में एक पक्का, सर्वसुविधायुक्त आवास निर्मित किया गया।

          आज अपने सुंदर एवं सुरक्षित घर में निवास करते हुए श्रीमती मधु वर्मा गर्व और संतोष का अनुभव कर रही हैं। उन्होंने अपने जीवन में आए इस सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।



                    Hot this week

                    Related Articles

                    Popular Categories