रायपुर : महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे कदम

              हर माह की नियमित सहायता से घर-परिवार की जरूरतें हो रहीं पूरी, महिलाओं में बढ़ रहा आत्मविश्वास

              रायपुर (BCC NEWS 24): छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार बनकर उभरी है। योजना के तहत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में सहभागी बनने का अवसर प्रदान कर रही है। प्रदेशभर में लाखों महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होकर अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

              इसी कड़ी में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम मसौरा की निवासी श्रीमती गीता यादव की कहानी महतारी वंदन योजना के सकारात्मक प्रभाव को दर्शाती है। योजना के अंतर्गत उन्हें अब तक 28 किश्तों के रूप में कुल 28 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हो चुकी है, जिससे उनके परिवार को आर्थिक संबल मिला है।

              श्रीमती गीता यादव बताती हैं कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि उनके परिवार के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। इस राशि से वे घर की छोटी-मोटी आवश्यकताओं की पूर्ति करती हैं। पहले दैनिक जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब नियमित सहायता मिलने से घरेलू खर्चों का बेहतर प्रबंधन संभव हो पाया है और छोटी-छोटी जरूरतों के लिए किसी पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं पड़ती। वे कहती हैं कि महतारी वंदन योजना ने उन्हें केवल आर्थिक सहायता ही नहीं दी, बल्कि आत्मविश्वास भी प्रदान किया है। अब वे परिवार की जरूरतों को पूरा करने में अपनी सक्रिय और महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनका मानना है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ सम्मान और आत्मनिर्भरता का एहसास भी करा रही है।

              श्रीमती गीता यादव मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय  और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि महतारी वंदन योजना उनके जैसी लाखों महिलाओं और परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं को अपने परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति में सहयोग मिल रहा है तथा वे आत्मविश्वास के साथ बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।


                              Hot this week

                              रायपुर : आरसीसी नाली के लिए 92 लाख रुपए मंजूर

                              रायपुर (BCC NEWS 24): नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग...

                              रायपुर : अबूझमाड़ के कस्तूरमेटा में जल जीवन मिशन ने बदली जिंदगी

                              नदी-नालों के भरोसे रहने वाले 25 परिवारों के घर...

                              रायपुर : स्वस्थ छत्तीसगढ़ करेगा विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण – मुख्यमंत्री साय

                              103 करोड़ रुपये से अधिक के स्वास्थ्य अधोसंरचना कार्यों का...

                              Related Articles

                              Popular Categories