बाड़मेर/बालोतरा: राजस्थान में बाड़मेर के नजदीक बालोतरा में हिंदुस्तान पेट्रोलियम लिमिटेड (HPCL) की रिफाइनरी में सोमवार दोपहर 2 बजे भीषण आग लग गई। जानकारी के मुताबिक आग रिफाइनरी में कच्चे तेल को साफ करने वाली दो यूनिट में लगी।
यूनिट से धुआं उठने पर कर्मचारियों ने फायर सेफ्टी सिस्टम चालू किया। इसके बाद मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने करीब 2 से 3 घंटे में आग पर काबू पाया। इस दौरान यूनिट से लपटें उठती रहीं।
करीब 79 लाख 459 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस रिफाइनरी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को उद्घाटन करने वाले थे। इस घटना के बाद उनका दौरा स्थगित हो गया है।
आग लगते ही पूरे क्षेत्र को खाली करा लिया गया था। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान और आग लगने के कारणों का आकलन किया जा सकेगा।
रिफाइनरी में भड़की आग की 6 PHOTOS

रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट से उठती आग की लपटें।

फायर ब्रिगेड की टीम आग को बुझाने में जुटी रही।

आग लगने के तुरंत बाद फायर सेफ्टी सिस्टम चालू कर दिया गया था।

रिफाइनरी में आग से आसमान में धुएं का गुबार छा गया था।

फायर सेफ्टी सिस्टम से पानी छिड़ककर आग बुझाने के प्रयास किए गए थे।

पचपदरा रिफाइनरी में लगी आग के बाद काफी देर तक धुआं उठता रहा था।
नए बने जिले बालोतरा में HPCL की रिफाइनरी
सरकारी तेल कंपनी हिंदुस्तान पेट्रोलियम लिमिटेड यानी HPCL की यह रिफाइनरी राजस्थान में नए बने जिले बालोतरा के पचपदरा में मौजूद है। करीब 79 लाख 459 करोड़ रुपए की लागत से करीब 4500 एकड़ (7200 बीघा) में बनी रिफाइनरी में विदेशों से मंगाए जाने वाले कच्चे तेल को प्रोसेस करने और उससे अलग-अलग प्रोडक्ट तैयार करने के लिए पूरा कॉम्प्लेक्स बनाया गया है। यहां सालाना 9 मिलियन टन कच्चा तेल साफ किया जा सकता है।
कच्चा तेल फिल्टर करने वाली दो यूनिटों में लगी आग
HPCL रिफाइनरी के दो हिस्सों में आग लगी। इनके नाम क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) और वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट (VDU) हैं। पाइप लाइन के जरिए आने वाला कच्चा तेल इन्हीं यूनिट में आता है। फिर उसे फिल्टर करके अलग-अलग यूनिट में भेजा जाता है।
पचपदरा रिफाइनरी में गुजरात से आता है कच्चा तेल
राजस्थान की इस रिफाइनरी में गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से पाइप लाइन के जरिए कच्चा तेल आता है। मुंद्रा से इसकी दूरी करीब 487 किलोमीटर है।

(Bureau Chief, Korba)




