- छत्तीसगढ़ व्यापार रत्न समारोह में शंकरगढ़ के व्यापार जगत का हुआ भव्य सम्मान
अंबिकापुर (BCC NEWS 24): छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ व्यापार रत्न समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें शंकरगढ़ नगर एवं यहां के संपूर्ण व्यापार जगत को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। छत्तीसगढ़ व्यापार रत्न अवार्ड 2026 सम्मान समारोह, बिलासपुर में शंकरगढ़ के व्यापार जगत का सम्मान सत्य नारायण अग्रवाल को प्रदान किया गया. यह सम्मान शंकरगढ़ के व्यापारियों की एकजुटता, अनुशासित कार्यप्रणाली, संगठनात्मक मजबूती तथा छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। समारोह में शंकरगढ़ के व्यापारियों का प्रतिनिधित्व छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल एवं जिला अध्यक्ष मनोज अग्रवाल एवं सचिव पवन अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में हुआ। उनके मार्गदर्शन में अंबिकापुर के व्यापारिक वर्ग ने न केवल संगठन की नीतियों का पालन किया, बल्कि सामाजिक दायित्वों एवं व्यापारिक मर्यादाओं को भी सदैव प्राथमिकता दी है। कार्यक्रम के दौरान मंच से यह विशेष रूप से उल्लेख किया गया कि अंबिकापुर का व्यापारिक समुदाय चैंबर की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाता रहा है।
समारोह में उपस्थित चैंबर के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने अंबिकापुर एवं शंकरगढ़ के व्यापारियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अनुशासन, पारदर्शिता और आपसी समन्वय के कारण शंकरगढ़ अंबिकापुर आज प्रदेश के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में अपनी सशक्त पहचान बना चुका है। व्यापारियों की संगठित सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। इस सम्मान से अंबिकापुर एवं शंकरगढ़ के व्यापारियों में हर्ष एवं उत्साह का माहौल देखने को मिला। व्यापारियों ने इसे केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे नगर के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। अंत में अंबिकापुर एवं शंकरगढ़ के व्यापारियों ने यह संकल्प दोहराया कि वे भविष्य में भी चैंबर के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ के व्यापारिक विकास, सामाजिक सरोकारों एवं आर्थिक सशक्तिकरण में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे। यह सम्मान अंबिकापुर एवं शंकरगढ़ की बढ़ती व्यापारिक प्रतिष्ठा का प्रतीक बनकर सामने आएगी.

(Bureau Chief, Korba)





