शिमला: अप्रैल में ठंड ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले, न्यूनतम तापमान 3.6°C तक गिरा, हिमाचल के 3 शहरों में माइनस में पारा

              शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में अप्रैल में ठंड ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं। बीती रात को शिमला का न्यूनतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री नीचे गिरने के बाद 3.6 डिग्री सेल्सियस रह गया है। इससे पहले, 22 अप्रैल 2021 को शिमला का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री टेंपरेचर जरूर था।

              मौसम विभाग (IMD) के पास 2003 से आज तक का डाटा उपलब्ध है। इस रिकॉर्ड के हिसाब से पिछले 23 सालों में बीती रात शिमला में सबसे ठंडी रही। इसी तरह राज्य के अन्य शहरों के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि के बाद जनवरी-फरवरी जैसी ठंड लौट आई है। तीन शहरों का तापमान माइनस में चला गया है, जबकि तीन जगह पांच डिग्री से नीचे लुढ़क चुका है।

              अधिकतम तापमान भी सामान्य से 11 डिग्री नीचे लुढ़का

              इसी तरह- राज्य का औसत अधिकतम तापमान भी सामान्य से 11 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है, जबकि कई शहरों में यह गिरावट 14 डिग्री तक पहुंच गई। कांगड़ा का अधिकतम तापमान सामान्य से 14.1 डिग्री गिरने के बाद 18 डिग्री सेल्सियस रह गया है। मंडी में 11.1 डिग्री की गिरावट के बाद तापमान 18.7 डिग्री दर्ज हुआ। मनाली में पारा 10.8 डिग्री लुढ़ककर 8.6 डिग्री तक पहुंच गया है। ऊना का तापमान 10.4 डिग्री गिरकर 22.4 डिग्री रहा, जबकि शिमला में 8.5 डिग्री की गिरावट के साथ पारा 11.4 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं धर्मशाला का अधिकतम तापमान 11.1 डिग्री गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

              बीते 7 दिन में सामान्य से 169% अधिक बारिश

              IMD के मुताबिक- राज्य में बीते एक सप्ताह में सामान्य से 169 फीसदी अधिक बारिश हुई है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई है। अप्रैल में बर्फबारी के साथ ओलावृष्टि ने कई जगह सेब के बगीचों को तबाह किया है।

              मौसम विभाग के अनुसार- 2 से 8 अप्रैल के बीच प्रदेश में सामान्य तौर पर 16 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार 43 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इस असामान्य वर्षा ने पूरे प्रदेश में ठंड का असर बढ़ा दिया है।

              ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात होने के आसार

              मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात भी हो सकता है।

              कल से वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ेगा

              हालांकि राहत की बात यह है कि कल से वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके बाद अगले 48 घंटों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 12 अप्रैल से प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा।


                              Hot this week

                              रायपुर : खरीफ सीजन से पहले उर्वरक विक्रेताओं पर प्रशासन सख्त

                              16 दुकानों का निरीक्षण, अनियमितता पर 5 को कारण...

                              रायपुर : धान के अलावा दलहन-तिलहन व सब्जी की करें खेती – कृषि मंत्री रामविचार नेताम

                              लुंड्रा की सब्जियां छत्तीसगढ़ के साथ यूपी, बंगाल, मध्यप्रदेश...

                              Related Articles

                              Popular Categories