टी-20 वर्ल्ड कप: भारत तीसरी बार वर्ल्ड चैंपियन, न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया, लगातार 2 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम, पहली बार होम टीम ने टाइटल जीता

              अहमदाबाद: टी-20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का एक विज्ञापन आया। इसमें रोहित कहते नजर आए- ‘टीम इंडिया हिस्ट्री रिपीट भी करेगी और टीम इंडिया हिस्ट्री डिफीट भी करेगी।’

              सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर हिस्ट्री रिपीट भी की और हिस्ट्री डिफीट भी की।

              पढ़िए कैसे, उससे पहले यह तस्वीर देखिए…

              हिस्ट्री रिपीट कैसे?

              2024 का कारनामा 2026 में दोहराया

              रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने 29 जून 2024 को टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। टीम ने बारबाडोस में साउथ अफ्रीका को 7 रन के अंतर से हराया। आज टीम इंडिया ने टी-20 वर्ल्ड कप जीतने का कारनामा 2026 में भी दोहरा दिया।

              हिस्ट्री डिफीट कैसे?

              3 इतिहास बदले

              • पहला: पहली बार किसी होम टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप जीता। इससे पहले कोई मेजबान टीम इस टूर्नामेंट में चैंपियन नहीं बनी।
              • दूसरा: पहली बार किसी टीम ने लगातार दो टी-20 वर्ल्ड कप जीते। इससे पहले कोई भी टीम अपना टाइटल डिफेंड नहीं कर सकी थी।
              • तीसरा: पहली बार किसी टीम ने तीन बार टी-20 वर्ल्ड कप जीते। किसी अन्य टीम ने इस टूर्नामेंट के 3 टाइटल नहीं जीते हैं।
              वर्ल्ड कप जीतने के बाद ट्रॉफी के साथ सेलिब्रेट करती टीम इंडिया।

              वर्ल्ड कप जीतने के बाद ट्रॉफी के साथ सेलिब्रेट करती टीम इंडिया।

              फाइनल की पूरी कहानी…

              वर्ल्ड चैंपियन कप्तान से मैच की शुरुआत…

              इस ऐतिहासिक फाइनल मुकाबले की शुरुआत भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले कप्तानों के साथ हुई। 2007 के टी-20 वर्ल्ड चैंपियन कप्तान एमएस धोनी और 2024 के टी-20 वर्ल्ड चैंपियन कप्तान रोहित शर्मा ट्रॉफी लेकर मैदान में आए।

              मैदान पर ट्रॉफी लाते पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी और रोहित शर्मा।

              मैदान पर ट्रॉफी लाते पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी और रोहित शर्मा।

              ओपनर्स ने मजबूत शुरुआत दिलाई

              मैच का टॉस न्यूजीलैंड ने जीता और कप्तान मिचेल सैंटनर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय ओपनर्स ने पावरप्ले के अंदर सैंटनर के फैसले को गलत साबित कर दिया। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने पावरप्ले के 6 ओवर में बिना नुकसान के 92 रन बना डाले। जो टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़े पावरप्ले स्कोर की बराबरी रही।

              भारतीय ओपनर्स ने रिकॉर्ड साझेदारी की

              भारतीय ओपनर्स ने 98 रन की ओपनिंग साझेदारी की। इसे रचिन रवींद्र ने अभिषेक शर्मा को कैच आउट कराकर तोड़ा। अभिषेक 21 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हो गए। यह टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है।

              सैमसन-ईशान में शतकीय साझेदारी, स्कोर 200 पार

              अभिषेक के आउट होने के बाद ईशान किशन क्रीज पर आए। सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। इस जोड़ी ने 48 बॉल पर 105 रन जोड़े। इसकी मदद से टीम इंडिया का स्कोर 15 ओवर में 200 के पार पहुंच गया।

              ईशान किशन और संजू सैमसन की जोड़ी ने 48 बॉल पर 105 रन की आतिशी साझेदारी की।

              ईशान किशन और संजू सैमसन की जोड़ी ने 48 बॉल पर 105 रन की आतिशी साझेदारी की।

              नीशम ने भारत का रन रेट रोका, दुबे ने 250 पार पहुंचाया

              एक समय लग रहा था कि भारतीय टीम 20 ओवर में 300 रन का आंकड़ा पार कर लेगी। हालाकि, 16वां ओवर लेकर आए जिमी नीशम ने एक ओवर में 3 विकेट लेकर रन रेट पर ब्रेक लगा दिया। उन्होंने पहली बॉल पर संजू सैमसन (89 रन), 5वीं बॉल पर ईशान किशन (54 रन) और आखिरी बॉल पर कप्तान सूर्यकुमार यादव (जीरो) को पवेलियन भेजा।

              अगली 24 बॉल पर 28 रन ही बने। उसके बाद शिवम दुबे ने 20वें ओवर में 3 चौके और 2 छक्के के सहारे 24 रन बनाए और टीम इंडिया का स्कोर 255 रन पहुंचा दिया। यह टी-20 इंटरनेशनल में फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है।

              शिवम दुबे ने 20वें ओवर में 3 चौके और 2 छक्के लगाए।

              शिवम दुबे ने 20वें ओवर में 3 चौके और 2 छक्के लगाए।

              रनचेज में न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत, 3 बैटर्स आउट

              256 रन का टारगेट चेज कर रही न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। टीम ने पावरप्ले में 52 रन बनाने में 3 विकेट गंवा दिए। फिन एलन (9 रन), रचिन रवींद्र (एक रन) और ग्लेन फिलिप्स (5 रन) जल्दी आउट हो गए।

              टिम साइफर्ट की फिफ्टी, लेकिन जीत से दूर रहे

              शुरुआती विकेट जल्दी गंवाने के बावजूद ओपनर टिम साइफर्ट ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 26 बॉल पर 52 रन की पारी भी खेली। उनके अलावा कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन बनाए, लेकिन टीम की हार नहीं टाल सके। टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई।

              बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच, सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

              फाइनल मुकाबले में 15 रन देकर 4 विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच रहे। वहीं, 5 मैच में 3 फिफ्टी के सहारे 321 रन बनाने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।


                              Hot this week

                              रायपुर : मुर्गीपालन से बदली अनुसुइया नेताम की जिंदगी

                              शासन के आर्थिक सहयोग और स्वयं की मेहनत से...

                              रायपुर : नक्सल प्रभावित क्षेत्र भैरमगढ़ के अंकित सकनी ने रचा इतिहास

                              यूपीएससी 2025 में 816वीं रैंक की हासिलआदिम जाति विभाग...

                              Related Articles

                              Popular Categories