Wednesday, February 11, 2026

            CG का मौसम हुआ सुहाना, बदली के साथ बारिश शुरू… बिलासपुर में सावन सी लगी झड़ी, कोरबा, राजनांदगांव, भिलाई सहित कई इलाकों में हुई बारिश शुरू, गर्मी से राहत

            रायपुर/बिलासपुर: प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बदली और बारिश से तापमान में गिरावट आ गई है। बिलासपुर में मार्च में सावन सी झड़ी लग गई है। शुक्रवार की रात भी यहां अच्छी बारिश हुई। इसी तरह राजनांदगांव, कोरबा, जांजगीर-चांपा, में भी बौछारें पड़ रही हैं। प्रदेश में समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी आ रही है। नमी के कारण राजधानी में भी पिछले दो दिन से मौसम ठंडा है। शनिवार को पूरे दिन ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।

            शुक्रवार की देर शाम और रात में बिलासपुर, कोरबा और जांजगीर-चांपा में हल्की से मध्यम बारिश हुई। हालांकि, यहां दिन भर बदली छाई हुई थी। फिर शाम होने के बाद शहर के अधिकांश इलाको में बारिश शुरु हो गई। कोरबा और जांजगीर-चांपा में भी देर रात बारिश शुरू हो गई। हालांकि, मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी और मौसम में बदलाव का अनुमान लगाया था। शनिवार की सुबह जब सोकर उठे तब भी शहर में बूंदाबांदी हो रही थी। सुबह से लोग बारिश का मजा लेते रहे। सुबह 7.30 बजे से शुरू हुई बौछारें रूक-रूककर 11 बजे तक चलती रहीं। इसके चलते मौसम में ठंडकता छा गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और द्रोणिका के असर से प्रदेश में मौसम में बदलाव हुआ है।

            राजधानी में बदली और राजनांदगांव-भिलाई में शुरू हुई बौंछारें
            शनिवार सुबह से प्रदेश में ठंडी हवाएं चल रही है। राजधानी में सुबह से ही बदली छाई हुई है और बारिश के छीटें पड़ने के आसार है। वहीं, राजनांदगांव और भिलाई में हल्की बूंदाबांदी के साथ बारिश की बौछारें शुरू हो गई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शनिवार पूरे दिन नमी बनी रहेगी और ठंडी हवाएं चलती रहेगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।

            बिलासपुर में सात डिग्री कम हुआ तापमान
            शहर के भीतर और आसपास रात में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के बाद तापमान गिर गया है। बिलासपुर में इस सीजन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री पर पहुंच गया था। लेकिन, मौसम में हुए बदलाव के बाद पारा सात डिग्री गिर गया है। इसके बाद से ठंडी हवाएं चल रही है और हल्की ठंड का अहसास होने लगा है।

            जिले में अंधड़ और वज्रपात की आशंका
            मौसम विभाग ने शनिवार को भी यलो अलर्ट जारी किया है। पिछले तीन दिन से मौसम का अनुमान बिल्कुल सटिक भी निकला है। अब चेतावनी जारी की गई है कि अगले 24 घंटे में प्रदेश के कोरिया, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर- चांपा, बेमेतरा, बलोदाबाजार, राजनांदगांव उसके लगे हुए जिलों मे एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की संभावना है। वहीं, पेंड्रारोड, कोरबा कबीरधाम, महासमुंद, दुर्ग, रायपुर, बालोद, धमतरी, कांकेर, नारायणपुर कोंडागाँव व उसके लगे हुए जिलों में एक – दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने, ओला वृष्टि और वज्रपात होने की संभावना है।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories