उत्तर प्रदेश: अयोध्या में ज्वेलरी शॉप में बुर्का पहनकर लूट करने वाली महिला हिंदू निकली, 4 महीने की गर्भवती, खिलौना पिस्टल दिखाकर ज्वेलरी लूटी; बॉयफ्रेंड के साथ गिरफ्तार

              उत्तर प्रदेश: अयोध्या में ज्वेलरी शॉप में बुर्का पहनकर लूट करने वाली महिला हिंदू निकली। बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर उसने वारदात की थी। पुलिस ने गुरुवार देर रात दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। महिला का नाम पायल (25) और लड़के का नाम राहुल (27) है।

              वारदात के वक्त राहुल ज्वेलरी शॉप से कुछ दूर बाइक लेकर खड़ा था। पायल ने खिलौना पिस्टल यानी नकली पिस्टल दिखाकर दुकान से 3.6 लाख का सोने का हार और चेन लूट लिया। फिर भागकर राहुल के पास पहुंची। उसके साथ बाइक से फरार हो गई।

              आरोपी पायल की पिछले साल 5 अप्रैल को शादी हुई थी। वह 4 महीने की गर्भवती है। पति के साथ पंजाब में रह रही थी। 16 अप्रैल को इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के लिए अयोध्या में मायके आई थी।

              पायल के पिता राम नवल ने भास्कर को बताया कि गुरुवार को ताबीज बनवाने की बात कहकर घर से निकली थी। उसने बताया था कि उसकी तबीयत बार-बार खराब हो जाती है। उसने यह सब क्यों किया, नहीं पता।

              वारदात गुरुवार दोपहर 12.30 बजे हुई। ज्वेलरी की दुकान में लगे 6 सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। घटना रुदौली कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोठी बाजार की है। राम मंदिर से घटनास्थल की दूरी करीब 45 किमी है।

              शुरुआती जांच में पता चला कि राहुल ने बाजार से नकली पिस्टल खरीदी। पायल ने बुर्का अपनी सहेली से मांगा। पहचान छिपाने के लिए पायल ने बुर्का पहनकर वारदात की। जिस बाइक से दोनों फरार हुए थे, कैमरे में उसका नंबर कैद हो गया था। इसे ट्रेस कर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

              ADG जोन लखनऊ प्रवीण कुमार ने बताया-

              दोनों अयोध्या से बाहर भागने की फिराक में थे। तभी गिरफ्तार कर लिया गया। बुर्का पहनकर लूट करने वाली महिला का नाम पायल है। उसके साथ राहुल नाम का लड़का था। दोनों बंटी और बबली बनकर घटना को अंजाम दे रहे थे। दोनों दोस्त हैं। खिलौने वाली पिस्टल दिखाकर लूट की गई थी।

              गुरुवार दोपहर बुर्का पहनकर पायल ज्वेलरी शॉप पर पहुंची थी। बैठते ही उसने दुकानदार से पानी मांगा।

              गुरुवार दोपहर बुर्का पहनकर पायल ज्वेलरी शॉप पर पहुंची थी। बैठते ही उसने दुकानदार से पानी मांगा।

              अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला…

              बुर्का पहनकर सोने का हार और चेन खरीदने पहुंची थी

              रुदौली क्षेत्र के कोठी बाजार मोहल्ला के रहने वाले महेश सर्राफा व्यापारी हैं। उनकी घर से 900 मीटर दूर अग्रवाल कॉम्प्लेक्स में महेश ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। गुरुवार दोपहर बुर्का पहने एक महिला उनकी दुकान पर पहुंची। उसके बाद एक पिट्‌ठू बैग था। महिला ने महेश से कहा- मुझे सोने का हार और चेन खरीदनी है। महेश ने उसके सामने एक सोने का हार और सोने की चेन रख दी।

              इसके बाद महिला ने महेश से पानी मांगा। महेश ने दुकान में काम करने वाले अंकित कुमार को पानी और समोसा लाने के लिए भेज दिया। कुछ देर बाद अंकित समोसा और पानी लेकर आ गया। लेकिन, पायल ने समोसा खाने से मना कर दिया। पानी की बोतल ले ली।

              महेश ने महिला से समोसा खाने को कहा तो उसने कहा- मैं समोसा नहीं खाती हूं। मेरे लिए मिठाई मंगवा दीजिए। महेश ने अंकित को बर्फी लेने भेज दिया। इस दौरान दुकान के कर्मचारी मनीराम ने हार और चेन को उठाकर काउंटर पर रख दिया। तभी महिला खड़ी हुई और दुकान के अंदर इधर-उधर घूमने लगी।

              महेश ने उससे पूछा- क्या बात है? महिला ने जवाब दिया- हमारे पति पैसा निकालने गए हैं। अभी आए नहीं हैं। उन्हें ही देख रही हूं। इसके बाद वह काउंटर के पास आकर खड़ी हो गई। महेश अन्य ज्वेलरी को अलमारी में रखने लगे, तभी पायल ने बॉक्स में रखा सोने का हार और चेन उठा ली। फिर अपना बैग उठाया।

              पानी लेने के बाद आरोपी पायल ने हार और चेन उठाई। फिर पिस्टल दिखाते हुए भाग गई थी।

              पानी लेने के बाद आरोपी पायल ने हार और चेन उठाई। फिर पिस्टल दिखाते हुए भाग गई थी।

              कमर से पिस्टल निकाली, बोली- आगे बढ़े तो गोली मार दूंगी

              दुकानदार महेश ने उसे टोका तो उसने अपनी कमर से पिस्टल निकाल ली। महेश की ओर तानकर बोली- आगे बढ़े तो गोली मार दूंगी। इसके बाद वह दुकान के बाहर भाग गई। महेश और मनीराम ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया था। वह दुकान से निकलकर पैदल भागी और कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़े युवक के साथ फरार भाग गई।

              महेश ने बताया कि ज्वेलरी 26 ग्राम (22 कैरेट) की थी। 2 अप्रैल को बाजार भाव के हिसाब से उसकी कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपए थी। महेश ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। दिनदहाड़े लूट की खबर से पुलिस में हड़कंप मच गया। सीनियर अफसर मौके पर पहुंच गए। इलाके में घेराबंदी करके जांच की, लेकिन कोई हाथ नहीं आया।

              60 सीसीटीवी की फुटेज निकाली, तब गाड़ी नंबर मिला

              एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया- अग्रवाल कॉम्प्लेक्स में महेश ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। एक महिला गहने देखने के बहाने दुकान पर गई। दुकानदार ने उसे गहने दिखाए। इस दौरान उसने एक हार और चेन अलग रखवा लिए। जब दुकानदार बाकी गहने वापस रखने के लिए मुड़ा, तो महिला मौका पाकर हार और चेन लेकर भाग गई।

              पुलिस ने 5 टीमें बनाकर जांच शुरू की। आसपास के 60 सीसीटीवी खंगाले गए। फुटेज में दिखा कि महिला दुकान से निकलने के बाद एक युवक के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर जा रही है। सीसीटीवी से बाइक का नंबर मिला, जिसके जरिए लोकेशन ट्रेस की गई।

              गुरुवार रात पुलिस सबसे पहले परान का पुरवा पहुंची। वहां राहुल का पता चला। पुलिस ने राहुल को पकड़ लिया। पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसके साथ पायल नाम की महिला भी थी। इसके बाद रात में ही मथाना निवादा के अहिबरन का पुरवा गांव से पायल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए चोरी किए गए गहने और एक नकली पिस्टल बरामद किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

              ज्वेलरी शॉप के बाहर तक दुकानदार और कर्मचारी मनीराम ने महिला का पीछा किया था।

              ज्वेलरी शॉप के बाहर तक दुकानदार और कर्मचारी मनीराम ने महिला का पीछा किया था।

              बंटी-बबली यानी दोनों आरोपियों को जानिए-

              • पायल के पिता रामकेवल गाड़ियों की धुलाई का सेंटर चलाते हैं। उन्होंने दुकान का नाम पायल के नाम पर रखा है। रामकेवल की 4 बेटियां हैं। पायल तीसरे नंबर पर है। सबसे बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। बाकी दोनों बहनें घर पर ही रहती हैं।
              • पायल की शादी खंडासा थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। पति पंजाब में नौकरी करता है, इसलिए वह भी उसके साथ चली गई। पिता ने बताया कि राहुल का हमारे परिवार से कोई संबंध नहीं है। वह गांव में आता जाता रहता है।
              • राहुल के पिता राधेश्याम की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। राहुल 3 भाइयों में सबसे छोटा है। बड़ा भाई लवकुश घर पर रहता है। एक भाई बबलू दिल्ली में मजदूरी करता है। राहुल मां के साथ अलग रहता है। वह कोई काम नहीं करता है। पायल के घर से उसके घर की दूरी करीब 16 किमी. है।

                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories