Friday, February 13, 2026

              छत्तीसगढ़ में मानसून के लिए अभी करना होगा इंतजार… केरल में दे दी है दस्तक, 22 जून तक बस्तर के रास्ते हो सकती है एंट्री

              रायपुर: दक्षिण पश्चिम मानसून ने एक सप्ताह देरी से केरल के तट पर दस्तक दे दी है। छत्तीसगढ़ में भी इस बार मानसून के पहुंचने में 12 से 15 दिनों का समय लग सकता है, हालांकि अच्छी बात ये है कि इस बार मानसून की एंट्री के बाद अच्छी बारिश के आसार जताए जा रहे हैं।

              मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 22 जून को दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग से मानसून की छत्तीसगढ़ में एंट्री हो सकती है, वहीं 24 जून तक रायपुर पहुंचने की संभावना है। आमतौर पर भारत में दक्षिण पश्चिम मानसून 1 जून को पहुंच जाता है और 8 से 16 जून के बीच बस्तर के रास्ते छत्तीसगढ़ में मानसून पहुंचता है। इस बार केरल में ही इसके पहुंचने में 8 दिन की देरी हुई है। इसलिए बस्तर और रायपुर तक पहुंचने में समय लगेगा लेकिन 30 जून तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय हो जाएगा।

              मौसम विभाग के मुताबिक 21 जून तक छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक होगी

              मौसम विभाग के मुताबिक 21 जून तक छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक होगी

              मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के मुताबिक छत्तीसगढ़ में मॉनसून की दस्तक के लिए अभी इंतजार करना होगा। अगर 8 दिन की देरी के हिसाब से देखें तो बस्तर में 21 जून तक मानसून के पहुंचने की संभावना है। चंद्रा ने बताया कि केरल में मानसून की दस्तक हो चुकी है और आने वाले दिनों छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, हालांकि ये प्री-मानसून की फुहारें होंगी।

              आज कैसा रहेगा मौसम
              मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर स्थित है। अरब सागर में स्थित साइक्लोन के कारण निम्न स्तर पर हल्की नमी भी आ रही है। इसके कारण प्रदेश में हल्के बादल रह सकते हैं। प्रदेश में आज 9 जून को दक्षिणी भाग में एक-दो जगहों पर हल्की वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी हो सकती है लेकिन कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories