कोरबा: बीजेपी ने बैलेट मतपत्रों में छेड़छाड़ की जताई आशंका… स्ट्रॉन्ग रूम में शिफ्ट कर सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी करने की मांग, कलेक्टर से की शिकायत

            कोरबा: जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ राजीव सिंह ने बैलेट पेपर से हुए मतदान के साथ छेड़छाड़ की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव की ड्यूटी में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा 80 प्लस आयु वाले बुजुर्गों और दिव्यांगों से कराए गए बैलेट पेपर से मतदान में गड़बड़ी हो सकती है।

            डॉ राजीव सिंह मंगलवार को कोरबा जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी प्रत्याशियों के साथ कलेक्टोरेट पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से बैलेट पेपर मतपत्र को ट्रेजरी से स्ट्रॉन्ग रूम में शिफ्ट करने और उसकी सुरक्षा को चाक-चौबंद करने की मांग की। इसे लेकर उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

            अनाधिकृत लोगों की आवाजाही का आरोप

            भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव सिंह ने शंका जाहिर करते हुए कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ से शिकायतें मिल रही हैं कि जिस ट्रेजरी में चुनाव ड्यूटी किए अधिकारियों/कर्मचारियों, 80+ आयु और दिव्यांगजनों द्वारा डाले गए बैलेट पेपर मतपत्र रखे गए हैं, वहां अनाधिकृत व्यक्तियों का आना-जाना हो रहा है। इसके चलते मतपत्रों में हेराफेरी की काफी संभावना है। इसे रोकने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया है, ताकि सुरक्षा की दृष्टि से बैलेट पेपर मतपत्र को ट्रेजरी से निकालकर स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाए, साथ ही इसकी सुरक्षा बढ़ाई जाए।

            भाजपा नेताओं ने उठाए सवाल

            बता दें कि दूसरे चरण में 17 नवंबर को मतदान से पहले कोरबा जिले में निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारी, कर्मचारी, 80+ आयु के बुजुर्ग और दिव्यांगजनों के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने बैलेट पेपर से मतदान कराने की व्यवस्था की थी। उन मतपत्रों को जिला मुख्यालय के ट्रेजरी में रखा गया है। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की मतगणना 3 दिसंबर को की जाएगी। इसी बैलेट पेपर मतपत्र के रखरखाव को लेकर भाजपा नेता अब सवाल उठाने लगे हैं।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories