CG: कलेक्टर की गाड़ी से टकराए बाप-बेटी… पिता का टूटा पैर, पुत्री के कमर में आई चोट, दोनों मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती

            सरगुजा: अंबिकापुर के रिंगरोड पर कलेक्टर कुंदन कुमार की कार से स्कूटी सवार पिता-पुत्री टकरा गए। इस हादसे में स्कूटी सवार बाप-बेटी घायल हो गए हैं। पिता के पैर और बेटी के कमर में चोट आई है। हादसे के बाद दोनों घायलों को कलेक्टर ने ई-रिक्शा से मेडिकल कॉ​​​​​लेज अस्पताल भेजवाया। जहां दोनों का इलाज किया जा रहा है। पूरा मामला अंबिकापुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

            मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह कलेक्टर कुंदन कुमार अपनी शासकीय वाहन से निवास से कार्यालय के लिए आ रहे थे, तभी महाराणा प्रताप चौक को क्रॉस करने के दौरान कलेक्टर की इनोवा वाहन से तेज रफ्तार में आ रहे स्कूटी सवार पिता-पुत्री टकरा गए और सड़क पर गिर गए।

            कलेक्टर ने हादसे में घायल मोतीलाल (50) और रानू तिर्की (27) को ई-रिक्शा से अपने गनमैन के साथ मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा। कलेक्टर कुंदन कुमार भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था कराई। उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल किया गया है। पिता के पैरों और पुत्री के कमर में चोटें आई हैं। दोनों की हालत सामान्य बताई गई है।

            दोनों की हालत सामान्य
            अस्पताल अधीक्षक डॉ आर्या ने बताया कि दोनों मरीज की हालत सामान्य है। मेडिकल जांच में रानू को बाएं घुटने और कमर में दर्द है और मोतीलाल को बाएं पैर में फ्रेक्चर पाया गया है। किसी को भी अंदरूनी चोट नहीं है। दोनों मरीजों का सीटी स्कैन किया जा रहा है, जिसके बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। मेडिकल टीम दोनों का उपचार कर रही है।

            हेलमेट जरूर पहनने की अपील
            कलेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि हादसे के पूर्व उनकी कार का चालक एवं स्कूटी का चालक दोनों एक-दूसरे को देख नहीं पाए, जिसके कारण हादसा हुआ। गनीमत रही कि दोनों को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। कलेक्टर ने दोपहिया वाहन चालकों से गाड़ी चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाएं दिन या समय देखकर नहीं आती, जरूरी है कि पहले से ही सावधानी बरती जाए।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories